उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने कार्यकर्ताओं को पांच प्रमुख टास्क सौंपे हैं. इनका फोकस बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नए वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर है.
पार्टी ने कार्यकर्ताओं को साफ तौर पर संगठन की गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने और चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर काम करने की जिम्मेदारी दी है.
पहला टास्क- बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना
BJP ने कार्यकर्ताओं को सबसे पहले बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का टास्क दिया है. पार्टी का फोकस हर बूथ पर संगठन की स्थिति बेहतर करने और वहां कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर है.
दूसरा टास्क- कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाना
दूसरे टास्क के तहत हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनाए रखने और उनके बीच आपसी संवाद मजबूत करने को कहा गया है. पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ता आपस में संपर्क बनाए रखें और संगठन से जुड़ी गतिविधियों में लगातार हिस्सा लें.
तीसरा टास्क- नियमित बैठकें और समीक्षा
तीसरे टास्क में मंडल और जिला स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है. इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी. साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि तय किए गए काम किस तरह आगे बढ़ रहे हैं.
चौथा टास्क- नए वर्गों तक पहुंच बढ़ाना
BJP ने संगठन के विस्तार पर भी जोर दिया है. इसके तहत युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और नए मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने को कहा गया है. पार्टी का फोकस इन वर्गों को संगठन से जोड़ने पर रहेगा.
पांचवां टास्क-कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग
पांचवें टास्क के तहत कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण कराने को कहा गया है. इसका उद्देश्य उन्हें पार्टी की विचारधारा, नीतियों और चुनावी रणनीति से जोड़ना है, ताकि वे संगठन के काम में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
यह भी पढ़ें: यूपी में शाह की 'चुनावी पाठशाला', 2014-17 के विनिंग फॉर्मूले को फिर से एक्टिव करने का प्लान
इस तरह 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यूपी BJP ने संगठन को मजबूत करने के लिए पांच स्तरों पर काम करने का लक्ष्य तय किया है. बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक गतिविधियों को सक्रिय रखने और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर पार्टी लगातार जोर दे रही है.
आशीष श्रीवास्तव