चुनाव आयोग ने रविवार को 5 राज्यों यानी असम, केरलम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है. 5 राज्यों में से 4 राज्यों के चुनाव एक ही चरण में होंगे लेकिन पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होगा. लेकिन सभी राज्यों के चुनावी नतीजे एक साथ 4 मई को आएंगे. मतदान की पहली तारीख 9 अप्रैल है और आखिरी वोटिंग डेट 29 अप्रैल तय की गई है. यानी 20 दिनों में 5 राज्यों की किस्मत का फैसला मतपेटी में कैद हो जाएगा.
पहले जानिए किस राज्य में कब है वोटिंग
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा की वोटिंग 9 अप्रैल को संपन्न हो जाएगी. और नतीजे 4 मई को आएंगे. अब अगर इन तीनों राज्यों की सीटवार स्थिति देखें तो केरल में विधानसभा की कुल 140 सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 71 है. अभी केरल में लेफ्ट का शासन है.
वहीं, असम की बात करें तो यहां विधानसभा की कुल 126 सीटे हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 64 है. यहां भी 9 अप्रैल को वोटिंग है. मौजूदा समय में यहां बीजेपी की सरकार है और हिमंता विस्वा मौजूदा सीएम हैं. यहां पिछले 10 साल से भाजपा सत्ता में है.
यह भी पढ़ें: Assembly Election 2026 Dates: असम, केरल, पुडुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव, जानें बंगाल और तमिलनाडु में कब मतदान
पुडुचेरी की बात करें तो 2021 में कांग्रेस सरकार गिरने के बाद AINRC-BJP गठबंधन ने सत्ता हासिल की और एन. रंगास्वामी एक बार फिर मुख्यमंत्री बने. यहां विधानसभा की कुल 30 सीटें है जो देश की सबसे कम सीटों वाली विधानसभा भी है. यहां बहुमत का आंकड़ा 16 है. यहां भी 9 अप्रैल को वोटिंग होगी.
अब वेस्ट बंगाल और तमिलनाडु का हाल जान लीजिए
तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 118 है. 1967 के बाद से तमिलनाडु की राजनीति मुख्य रूप से AIADMK और DMK के बीच घूमती रही है. फिलहाल तमिलनाडु में एमके स्टालिन की अगुवाई वाली DMK सरकार है, जो 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आई. तमिलनाडु में इस बार एक ही चरण में वोटिंग है लेकिन ये वोटिंग 23 अप्रैल को है. और नतीजे 4 मई को आएंगे.
यह भी पढ़ें: Puducherry Election Schedule 2026: पुडुचेरी में बजा चुनावी बिगुल... 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे
बंगाल की बात करें तो इन 5 राज्यों में सबसे ज्यादा सीटें पश्चिम बंगाल में ही हैं. यहां विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 148 है. यहां अभी तृणमूल कांग्रेस की सरकार है और ममता बनर्जी सीएम हैं. इस राज्य में दो चरणों में चुनाव होने हैं. पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी. ये मतदान 23 अप्रैल को होगा, जब तमिलनाडु में भी वोटिंग हो रही होगी. वहीं, बंगाल में दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग 142 सीटों पर 29 अप्रैल को होगी. सभी 294 सीटों की नतीजा 4 मई को आएगा.
कुल 824 विधायक चुने जाएंगे
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत में चुनाव लोकतंत्र का पर्व है. उन्होंने कहा कि इन 5 राज्यों में इस बार कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं और कुल 824 सीटों पर वोटिंग होनी है. बता दें कि 17.4 करोड़ मतदाता, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी और कनाडा जैसे देशों की कुल आबादी के बराबर हैं. इस बार 20 से ज्यादा देशों के चुनाव आयोगों से आए मेहमान चुनाव देखने के लिए यहां आ रहे हैं.
इस बार का चुनाव क्यों है खास
इस बार इन 5 राज्यों का विधानसभा चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि SIR को लेकर सबसे ज्यादा बवाल पश्चिम बंगाल और असम में ही देखने को मिला था. यानी SIR के बाद इन राज्यों में चुनाव है जो कई मायनो में खास माना जा रहा है. वहीं, इस बार पश्चिम बंगाल में केवल 2 चरणों में ही वोटिंग हो रही है. ऐसा करीब 3 दशक बाद देखने को मिला है. वरना पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में भी चुनाव कराए गए हैं.
aajtak.in