आप जानकर हैरान होंगे कि किस तरह बिहार का लड़का महज 19 साल की उम्र में दुनिया का सबसे कम उम्र का अंतर्राष्ट्रीय पेजेंट निर्देशक बन गया. 10 साल की उम्र से ही निखिल का रुझान ब्यूटी पेजेंट्स की ग्लैमरस दुनिया की तरफ रहा है. इतने कम उम्र में ब्यूटी पेजेंट डायरेक्टर बनने का निखिल का सफर दिलचस्प है. आइए जानें उनके बारे में....
बिहार के दरभंगा में पैदा हुए निखिल ने दस साल की उम्र में टीवी पर पहला ब्यूटी पेजेंट देखा था. यहीं से उन्हें ग्लैमरस दुनिया की मशहूर हस्तियों का स्टारडम प्रेरित कर गया. उनके मन में इस ग्लैमरस दुनिया में आने की ख्वाहिश जग गई.
इंडिया टुडे से बातचीत में निखिल ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो इस व्यवसाय में आकर मुझे जो काम की संतुष्टि मिल रही थी, उसी ने मुझे इस क्षेत्र में टिकने का हौसला दिया. बता दें कि निखिल ने बिहार से ही अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली आए थे.
जब पहली बार हुआ हकीकत से सामना
निखिल का पहला ब्यूटी पेजेंट मिस्टर नॉर्थ इंडिया 2013 था जिसमें एक मॉडल के रूप में वे पहले ब्यूटी कॉन्टेस्ट में उतरे थे. इस शो में उनका सामना फैशन जगत के हकीकत से हुआ. वह बताते हैं कि फैशन जगत का डार्क साइड चौंकाने वाला था. उन्हें पहली बार पता चला था कि यहां एक लड़के को भी कंप्रोमाइज के लिए कहा जाता है.
इस घटना के बाद निखिल ने अपनी खुद की कंपनी खोलने की ठान ली. वे चाहते थे कि उनकी कंपनी में मॉडल्स को कंप्रोमाइज करने को नहीं कहा जाएगा. यहां उनके टैलेंट की कद्र होगी. वह कहते हैं कि पूरी दुनिया में कई ऐसे मंच हैं जहां वाकई टैलेंट ही जीतते हैं. जरूरी नहीं कि हर सफल मॉडल इस डार्क साइड से गुजरे हों.
इंजीनियर से मॉडल बनने तक की राह
निखिल बताते हैं कि लाखों मध्यम-वर्गीय भारतीय बच्चों की तरह उन्हें भी इंजीनियर बनने का शौक था. हालांकि, ग्लैमर की ख्वाहिश उनके मन में अभी भी कहीं कोने में छुपी थी. बाद में जब उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया. लेकिन एक के बाद एक खराब नियुक्तियों से उनका मन इस क्षेत्र से उट गया. और इसी दौरान उन्हें अपनी खुद की पेजेंट कंपनी लॉन्च करने का ख्याल आया.
कोई ज्ञान न होना आया काम
निखिल तब विचार शून्य थे, उन्हें नहीं पता था कि फैशन जगत है क्या. वह कहते हैं कि उनके मामले में, यह एक वरदान बना. मुझे यहां जमने में दो साल लग गए. लेकिन, तब तक मैं एक स्ट्रांग पर्सनैलिटी के रूप में उभर चुका था'. ऐसे में वह पैसे के लिए स्टूडेंट्स को पढ़ाते भी थे. फिर इस तरह 2014 में निखिल की कंपनी Glamanand Entertainment Pvt Ltd का जन्म हुआ. बस फिर यहीं से (2015-19) तक फैशन जगत के तमाम सफल आयोजन उनके नाम हैं.