'Kal se advance price 35k rahega...' टेलीग्राम पर Re-NEET पेपर लीक का दावा! हरकत में आई NTA

नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम के पेपर लीक का दावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें टेलीग्राम पर संदिग्ध ग्रुप्स द्वारा प्रश्नपत्र एडवांस में बेचने का आरोप है. एनटीए ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम विभाग को रिपोर्ट किया है. सोशल मीडिया विशेषज्ञ इसे ऑनलाइन स्कैम बताते हुए अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं. परीक्षा 21 जून को होगी और एडमिट कार्ड 14 जून को जारी किए जाएंगे.

Advertisement
इस मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है (फोटो-ITG) इस मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है (फोटो-ITG)

मानसी मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:35 PM IST

नीट-यूजी 2026 परीक्षा और पेपर लीक को लेकर जारी विवाद के बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है. आगामी 21 जून 2026 को होने वाले नीट री-एग्जाम के कथित पेपर लीक का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर किए गए एक खुलासे के मुताबिक, टेलीग्राम पर कुछ संदिग्ध ग्रुप्स द्वारा 21 जून की परीक्षा का प्रश्नपत्र एडवांस में बेचने का धंधा चलाया जा रहा है, जिसके लिए उम्मीदवारों से 35,000 रुपये एडवांस की मांग की जा रही है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए इसे साइबर क्राइम विभाग को रिपोर्ट कर दिया है.

Advertisement

टेलीग्राम पर बंडलों की तस्वीरें पोस्ट कीं
यह पूरा मामला एक्स यूजर प्रिंस श्रीवास्तव द्वारा सामने लाया गया है. यूजर ने स्क्रीनशॉट और लिंक्स साझा करते हुए जानकारी दी कि टेलीग्राम पर 'PROOF', 'PRIVATE GROUP' और 'PRIVATE MAFIA' नाम से तीन ग्रुप चलाए जा रहे हैं. इन तीनों ग्रुप्स को किसी एक ही व्यक्ति द्वारा ऑपरेट किया जा रहा है, जिससे करीब तीन हजार से अधिक मेंबर्स जुड़े हुए हैं.

छात्रों को झांसे में लेने के लिए इन ग्रुप्स में प्रिंटेड क्वेश्चन पेपर्स के भारी-भरकम बंडलों की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं और दावा किया गया है कि यह 21 जून को होने वाले री-एग्जाम का असली प्रश्नपत्र है. गिरोह की ओर से ग्रुप में बाकायदा मैसेज पिन किया गया है, 'Kal se advance price 35k rahega'. इसके साथ ही जल्द ही ग्रुप में 10 सवाल मुफ्त में सॉल्व कराने का झांसा भी दिया जा रहा है.

Advertisement

NTA ने साइबर सेल को सौंपी जांच
यूजर द्वारा शिक्षा मंत्रालय, एनटीए और साइबर दोस्त को टैग किए जाने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने त्वरित कार्रवाई की है. एनटीए के आधिकारिक एक्स हैंडल (@NTA_Exams) से जवाब देते हुए स्पष्ट किया गया है कि विभाग ने इस पूरे मामले को संज्ञान में ले लिया है. सुरक्षा और पारदर्शिता के मद्देनजर इन सभी संदिग्ध टेलीग्राम लिंक्स और दावों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तुरंत साइबर क्राइम विभाग को फॉरवर्ड कर दिया गया है.

दूसरी ओर, इस मामले पर सोशल मीडिया के अन्य विशेषज्ञों और छात्रों का कहना है कि यह परीक्षा के तनाव से जूझ रहे उम्मीदवारों को ठगने के लिए रचा गया एक 'फर्जी ऑनलाइन स्कैम' है. तस्वीरों में दिख रहे प्रश्नपत्रों के बंडल पुराने वर्षों के या किसी अन्य परीक्षा के भी हो सकते हैं, जिसकी प्रामाणिकता साइबर जांच के बाद ही साफ होगी.एनटीए और शिक्षा मंत्रालय ने अभ्यर्थियों को सख्त हिदायत दी है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी किसी भी भ्रामक जानकारी या दावों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारियों की पुष्टि करें.

21 जून को होगी परीक्षा, 14 जून को जारी होंगे एडमिट कार्ड
गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट परीक्षा में पेपर लीक के पुख्ता सबूत मिलने और सीबीआई (CBI) जांच के बीच एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी. इस मामले में अब तक 13 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.अब नीट री-एग्जाम 21 जून 2026 को सिंगल शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा. इस परीक्षा के एडमिट कार्ड 14 जून को आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिए जाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »