बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपनी दमदार एक्शन फिल्मों, शानदार डांस और फिटनेस के लिए जाने जाते हैं. लेकिन रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में उनकी गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस बीच उनके फैंस उनकी निजी जिंदगी और पढ़ाई-लिखाई के बारे में भी जानना चाहते हैं. आखिर टाइगर श्रॉफ ने कहां से पढ़ाई की और फिल्मी दुनिया में कदम रखने के बाद उनकी पढ़ाई का सफर कैसा रहा? लेकिन इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर रविवार को हुआ क्या?
लॉरेंस ने ली जिम्मेदारी
बता दें कि जुहू में उनकी गाड़ी पर अचानक दो अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दी. इस हमले में उनका ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया है. हालांकि, उन्हें थोड़ी चोट आई. अब इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. हमले का कारण लॉरेंस गैंग ने बताया कि उन्होंने एक्टर सलमान खान के साथ काम करने को लेकर चेतावनी दी थी लेकिन उन्होंने यह बात नहीं मानी जिसके बाद से उनपर हमला किया गया है.
कितने पढ़े-लिखे हैं टाइगर?
बता दें कि टाइगर श्रॉफ का जन्म 2 मार्च, 1990 में मुंबई में हुआ था. वह जैकी श्रॉफ के बेटे हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई मुंबई के अमेरिकन स्कूल ऑफ बॉम्बे से पूरी की है. इसके बाद से आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया था लेकिन वह आगे की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए, जिसके पीछे भी एक बड़ी वजह है.
12वीं के बाद ही मिल गई फिल्म
टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड में अपने एक्शन और डांस के लिए पहचाने जाते हैं. उन्होंने साल 2014 में फिल्म हीरोपंती से डेब्यू किया था. लेकिन क्या आप जानते हैं कि टाइगर ने स्कूल के बाद कॉलेज की पढ़ाई पूरी नहीं की? इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 12वीं पास करने के बाद उन्हें अपनी पहली फिल्म मिल गई थी. फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद उन्होंने अपने फिल्मी करियर पर ध्यान दिया.
आजतक एजुकेशन डेस्क