कभी पहली नौकरी छूटने का दर्द, तो कभी मेहनत के बाद भी कम सैलरी मिलने की निराशा… करियर में कई बार ऐसे मोड़ आते हैं, जब आगे का रास्ता दिखाई नहीं देता है. तब आपका मन करता है कि सब छोड़ दे लेकिन यह आसान नहीं है. इसे लेकर एक टेक प्रोफेशनल ने अपना अनुभव शेयर किया है.
उसने बताया कि जरूरी नहीं कि अगर आपको शुरुआत में सफलता नहीं मिलती है, तो आप करियर में आगे कुछ नहीं कर सकते हैं. सालाना 2.9 लाख रुपये की सैलरी से शुरुआत करने वाले इस शख्स को अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज पर काम करने का मौका मिला है. हालांकि, उनकी यह जर्नी सिर्फ सैलरी बढ़ने की कहानी नहीं, बल्कि लगातार कोशिश करने, नई टेक्नोलॉजी सीखने और सही मौके का इंतजार करने की भी है.
पहली नौकरी में ही लगा झटका
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किए गए पोस्ट में टेक प्रोफेशनल ने बताया कि उन्होंने करियर की शुरुआत L&T Infotech में मैनुअल टेस्टिंग के काम से हुई थी. कंपनी के जरूरी इंटरनल एग्जाम पास नहीं कर पाने के कारण उन्हें नौकरी से हाथ धोना पड़ा. उस वक्त उनकी सालाना सैलरी करीब 2.9 लाख रुपये थी. नौकरी जाने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी. एक दोस्त के कहने पर उन्होंने IBM में दोबारा आवेदन किया और करीब 15 दिनों के भीतर उन्हें वहां नौकरी मिल गई. हालांकि, यहां भी उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में काम करने का मौका तुरंत नहीं मिला.
जिस टेक्नोलॉजी में काम करना चाहते थे, उसके लिए खुद की तैयारी
IBM में उन्हें JD Edwards से जुड़े काम की जिम्मेदारी मिली, लेकिन उनकी दिलचस्पी बिग डेटा में थी. उन्होंने इस क्षेत्र में खुद से सीखना शुरू किया, लेकिन अनुभव की कमी होने की वजह से उन्हें मनचाहे प्रोजेक्ट में जगह नहीं मिल पा रही थी. लेकिन इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और काफी कोशिशों के बाद मई 2020 में उन्हें बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिला.
उन्होंने बताया कि नई जिम्मेदारियां सीखने और काम को समझने के लिए कई बार उन्हें रोजाना 14 से 15 घंटे तक काम करना पड़ा. इसके बावजूद जनवरी 2022 तक उनकी सालाना सैलरी करीब 3.78 लाख रुपये ही थी. इतनी मेहनत करने के बाद भी उनकी सैलरी में कोई खास बढ़त नहीं हुई थी जिसके बाद से उन्होंने अपने करियर और सैलरी को लेकर नए विकल्प तलाशने शुरू किए. उन्हें अलग-अलग कंपनियों से ऑफर मिले और बाद में उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी हुई.
एक के बाद एक बदले मौके, सैलरी में आया उछाल
रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आगे चलकर Airbus में करीब 23 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी की. इसके साथ उन्हें 5 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस भी मिला. यहां उन्होंने Palantir Foundry के साथ काम किया और बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बने. हालांकि, कुछ समय बाद खराब परफॉर्मेंस रेटिंग मिलने से वह निराश हुए. उनका कहना था कि प्रोजेक्ट्स में योगदान देने के बावजूद उन्हें उम्मीद के मुताबिक पहचान नहीं मिली.
इसके बाद उन्होंने फिर से दूसरी नौकरियों के लिए आवेदन करना शुरू किया. टेक प्रोफेशनल ने बताया कि इस दौरान उन्हें करीब 15 ऑफर मिले और उन्होंने Thoughtworks में 48 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर काम करना चुना. इसके करीब दो महीने बाद ही उन्हें एक अन्य संगठन से 62 लाख रुपये सालाना और 5 लाख रुपये के जॉइनिंग बोनस का ऑफर मिला. पोस्ट में उन्होंने बताया कि इस नौकरी में उन्हें वर्क फ्रॉम होम की सुविधा भी मिली थी.
अब UAE में करीब ₹1.5 करोड़ सालाना का मौका
करियर के करीब 9.5 साल के सफर में कई उतार-चढ़ाव देखने के बाद अब इस टेक प्रोफेशनल को UAE की एक कंसल्टिंग फर्म के साथ काम करने का मौका मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवसर से जुड़ा सालाना पैकेज करीब 1.5 करोड़ रुपये बताया गया है. लेकिन उनके लिए यह फैसला केवल ज्यादा पैसे कमाने तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि इस कदम के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अनुभव हासिल करना, नई चुनौतियों का सामना करना और पेशेवर तौर पर आगे बढ़ना भी अहम वजहें हैं.
आजतक एजुकेशन डेस्क