भारतीय सेना, पत्रकारिता के छात्रों के लिए 75 दिनों का विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरुआत करने वाली है. इस कार्यक्रम में छात्रों को रणनीतिक संचार, मीडिया प्लानिंग और रक्षा क्षेत्र में संचार के तरीकों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी. यह कार्यक्रम एआईसीटीई इंटर्नशिप पोर्टल के जरिए सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय की ओर से आयोजित किया जा रहा है. ऐसे में इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं वह पहले इससे जुड़ी सारी डिटेल की जानकारी ले लें.
75 दिन चलेगी प्रोग्राम
बता दें कि यह प्रोग्राम 75 दिनों तक लने वाला है जिसमें बीजेएमसी (पत्रकारिता एवं जनसंचार) के छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी. इस कोर्स को पूरा करने वाले छात्रों को 15 अकादमिक क्रेडिट मिलेंगे. पहले 15 दिन ऑनलाइन क्लास चलेगी और बाकी 60 दिनों तक दिल्ली में ऑफलाइन ट्रनिंग दी जाएगी.
वहीं, इस प्रोग्राम में चयनित उम्मीदवारों को डिजिटल कंटेंट बनाने और उसे लोगों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया सिखाई जाएगी. साथ ही उन्हें मीडिया विश्लेषण, रिसर्च, क्रिएटिव कंटेंट तैयार करने और सोशल मीडिया कैंपेन की योजना बनाने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा. ट्रेनिंग के दौरान छात्र पब्लिक कम्युनिकेशन, ऑडियंस से जुड़ने, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और डेटा के आधार पर फैसले लेने जैसे महत्वपूर्ण विषय भी सीखेंगे.
मिलेगा अच्छा स्टाइपेंड
इस इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को हर महीने 30 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. पूरे कार्यक्रम की सभी शर्तें पूरी करने पर कुल 75,000 रुपये तक की स्टाइपेंड मिल सकता है. हालांकि, वजीफा पाने के लिए छात्रों को अनुशासन और नियमित उपस्थिति बनाए रखनी होगी. 75% से कम उपस्थिति होने पर छात्रों को किसी भी वित्तीय लाभ का फायदा नहीं मिलेगा.
करना होगा नियमों का पालन
सुरक्षा कारणों से ऑफिस में कुछ नियमों का पालन करना होगा. कार्यालय के अंदर लैपटॉप और स्मार्टफोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रवेश के समय इन्हें सुरक्षा गेट पर जमा करना होगा. जरूरत पड़ने पर कुछ विशेष कामों के लिए स्मार्ट डिवाइस की अनुमति दी जा सकती है.
काम के लिए संगठन की ओर से इंटरनेट वाले कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे. ऑफिस का टाइम सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा. सभी इंटर्न के लिए फॉर्मल ड्रेस पहनना जरूरी होगा. पुरुषों को फॉर्मल शर्ट, पैंट और जूते पहनने होंगे, जबकि महिलाओं के लिए भारतीय या वेस्टर्न फॉर्मल ड्रेस अनिवार्य होगी.
क्या आवेदन का नियम?
बता दें कि 2 अगस्त, 2026 तक आवेदन करने वाले छात्रों को इंटर्नशिप शुरू होने से पहले कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इनमें कॉलेज या यूनिवर्सिटी से जारी डिग्री सत्यापन प्रमाण पत्र, पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, सरकारी फोटो पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं.
इंटर्नशिप के दौरान दिल्ली में रहने की व्यवस्था छात्रों को खुद करनी होगी. भारतीय सेना ने साफ किया है कि इस कार्यक्रम में नौकरी या प्लेसमेंट की कोई गारंटी नहीं दी जाएगी. इसका उद्देश्य छात्रों को रणनीतिक संचार के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और व्यावसायिक अनुभव देना है.
आजतक एजुकेशन डेस्क