सोशल मीडिया पर एक कंपनी का वर्क कल्चर एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और छुट्टी की लंबी लिस्ट तैयार है लेकिन एक कर्मचारी ने अपने साथ हुए एक अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किया है. बेंगलुरु की एक रिटेल कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी के लिए इस बार दशहरे की छुट्टियां तनाव की वजह बन गई. कर्मचारी ने त्योहार पर परिवार से मिलने के लिए अपने घर जाने की योजना बनाई थी और इसके लिए 5,000 रुपये के टिकट भी बुक कर लिए थे. लेकिन प्रदर्शन की समीक्षा के बाद मैनेजर ने उसे परफॉर्मेंस इम्प्रूवमेंट प्लान (PIP) में डाल दिया और दो दिन की छुट्टी देने से इनकार कर दिया.अब कर्मचारी को चिंता है कि वह परिवार से मिल पाएगा या नहीं और उसकी नौकरी का क्या होगा.
चार महीने पहले ही शुरू की थी नौकरी
कर्मचारी ने अपनी परेशानी रेडिट पर पोस्ट की. पोस्ट का शीर्षक था "परिवार के साथ दशहरा मनाने घर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन मैनेजर ने मुझे PIP में डाल दिया.” पोस्ट में कर्मचारी ने आगे बताया कि उसने करीब चार महीने पहले ही कंपनी में काम शुरू किया था. हाल ही में उसके काम की समीक्षा हुई. मैनेजर ने कहा कि उसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं है. इसके बाद उसे परफॉर्मेंस इम्प्रूवमेंट प्लान (PIP) में डाल दिया गया. कर्मचारी ने बताया कि उसने दशहरा पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए दो दिन की छुट्टी मांगी थी, लेकिन मैनेजर ने छुट्टी देने से मना कर दिया. मैनेजर ने कहा कि PIP में होने के कारण उसे छुट्टी नहीं मिल सकती.
PIP में डालने की लिखित जानकारी नहीं मिली
कर्मचारी का दावा यह भी है कि कि उसे PIP में डालने की कोई लिखित जानकारी भी नहीं दी गई. उसने यह भी बताया कि मैनेजर पहले भी उसकी छुट्टी खारिज कर चुका है, जबकि उस समय वह PIP में नहीं था. कर्मचारी ने लिखा कि वह इस स्थिति से काफी परेशान है. वह लंबे समय से अपने घर नहीं गया है और उसके माता-पिता उसका इंतजार कर रहे हैं. अब उसे समझ नहीं आ रहा कि वह परिवार से मिलने जाए या अपनी नौकरी बचाने पर ध्यान दे.
रेडिट यूजर्स ने दी घर जाने की सलाह
कर्मचारी की पोस्ट पर कई लोगों ने उसे दशहरा पर घर जाने की सलाह दी. एक यूजर ने लिखा कि बस घर जाओ. वह तुम्हारे स्कूल का प्रिंसिपल नहीं है कि तुम्हें उसकी अनुमति की जरूरत पड़े. एक अन्य यूजर ने कहा कि कर्मचारी को घर जाकर त्योहार मनाना चाहिए और साथ ही दूसरी नौकरी तलाशना शुरू कर देना चाहिए. अन्य यूजर ने लिखा कि घर जाओ, त्योहार का आनंद लो और दूसरी नौकरी तलाशना शुरू कर दो. PIP छंटनी का एक नया तरीका है.
नई नौकरी तलाशने की भी सलाह
कुछ यूजर्स ने कर्मचारी को जल्दबाजी में इस्तीफा देने के बजाय सोच-समझकर फैसला लेने की सलाह दी. उनका कहना था कि अगर उसे लगता है कि वह PIP की शर्तें पूरी नहीं कर पाएगा, तो उसे दूसरी नौकरी के लिए आवेदन करना शुरू कर देना चाहिए. एक यूजर ने कहा कि इस्तीफा देने और नोटिस पीरियड पूरा करने जैसे फैसले लेने से पहले कर्मचारी को अपने सभी विकल्पों पर विचार करना चाहिए. वहीं, एक अन्य यूजर ने उसे नई नौकरी तलाशने पर ध्यान देने की सलाह दी.
आजतक एजुकेशन डेस्क