कानपुर गोलीकांड के बाद पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में बदमाशों के खिलाफ एक्शन लिया है. पुलिस ने कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी पर शिकंजा कसा है. पुलिस ने कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है. कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय था.
बदमाश सुंदर भाटी की पुलिस और नेताओं से भी अच्छी सांठ-गांठ है, लेकिन कानपुर गोलीकांड के बाद से योगी सरकार एक्शन में है और सूबे में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी ने घर के बाहर अवैध जमीन पर निर्माण करा रखा था. शनिवार को पुलिस ने दो जेसीबी मशीन लगाकर सुंदर भाटी की अवैध बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. सुंदर भाटी का घर कासना क्षेत्र के घंघोला गांव में है. पुलिस प्रशासन ने सुंदर भाटी की अवैध जमीन को भी कुर्क कर लिया है.
आपको बता दें कि कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने 8 पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी. चौबेपुर थाने में विकास दुबे के खिलाफ 60 केस दर्ज हैं. सबसे अहम बात ये है कि विकास दुबे अपने घर में अकेला हिस्ट्रीशीटर नहीं है, बल्कि उसके तीन भाई अतुल दुबे, दीपू दुबे और संजय दुबे भी इसी थाने में हिस्ट्रीशीटर के तौर पर दर्ज हैं. थाने में लगे हिस्ट्रीशीट बोर्ड पर चारों भाइयों के नाम लिखे हुए हैं.
कानपुर में इस मुठभेड़ के बाद विकास दुबे यूपी पुलिस का मोस्ट वॉन्टेड बन गया है. विकास ने यह खूनी साजिश राहुल नामक एक शख्स की उस एफआईआर के बाद रची, जो गुरुवार को चौबेपुर थाने में दर्ज कराई गई थी.
अरविंद ओझा