महाराष्ट्र के पुणे में लोनावला हिल स्टेशन के जंगली इलाके में एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले एक लड़के और लड़की के शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव देखकर पुलिस दोनों की हत्या किए जाने का शक जता रही है. हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.
पुणे पुलिस ने बताया कि ऐसा लगता है कि 22 वर्षीय लड़के और 21 वर्षीय को निर्वस्त्र किया गया था और पीछे की ओर से उनके सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार किया गया. उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान थे.
लोनावला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की के हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए थे और उसके मुंह पर पट्टी लगी हुई थी. उन्होंने कहा, यहां आईएनएस शिवाजी नौसैन्य स्टेशन के नजदीक वन्य इलाके में एक स्थानीय निवासी ने कल इन शवों को देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी. उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पुलिस अधिकारी ने कहा, दोनों मृतक लोनावला के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग के तृतीय वर्ष के छात्र थे. लड़की पुणे जिले के ओतूर की रहने वाली है. लड़का अहमदनगर के राहुरी का है. लड़की कॉलेज के छात्रावास में रहती थी जबकि लड़का लोनावला में एक निजी आवास में रहता था, जो पुणे जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों दोस्त थे और रविवार को साथ में बाहर गये थे. उन्होंने कहा कि का मामला दर्ज कर लिया गया है. अधिकारी ने कहा, हम सभी पहलुओं से इस मामले की जांच कर रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों मृतकों के परिवार के सदस्यों से भी बातचीत करेगी.
परवेज़ सागर / BHASHA