दिल्लीः एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट मिली, लोगों ने मचाया बवाल

दिल्ली के जामिया नगर इलाके में एक एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट मिली है. इस प्लेट में एक चिप और कैमरा भी लगा हुआ था, जिससे कार्ड क्लोन करके उसके पासवर्ड का पता लगाया जा रहा था. कई लोगों ने एटीएम से कैश निकाले जाने की शिकायत भी की है.

Advertisement
एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट बरामद एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट बरामद

तनसीम हैदर

  • नई दिल्ली,
  • 26 सितंबर 2019,
  • अपडेटेड 12:04 AM IST

  • कोर्ड क्लोनिंग की प्लेट मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
  • जिस एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट मिली, उसमें नहीं था कोई गार्ड

अगर आप पैसे निकालने के लिए एटीएम जाते हैं, तो सावधान रहिए और यह चेक कर लीजिए कि कहीं एटीएम में कोई प्लेट या चिप तो नहीं लगी है. दिल्ली के जामिया नगर इलाके में एक एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट मिली है. इस प्लेट में एक चिप और कैमरा भी लगा हुआ था, जिससे कार्ड क्लोन करके उसके पासवर्ड का पता लगाया जा रहा था. कई लोगों ने एटीएम से कैश निकाले जाने की शिकायत भी की है. इस एटीएम पर गार्ड नहीं है. जब एटीएम से कार्ड क्लोनिंग की प्लेट मिलने की खबर आई, तो इलाके के लोगों ने जमकर हंगामा किया.

Advertisement

यह प्लेट जामिया नगर के गफूर नगर इलाके में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से निकली है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इसको एटीएम मशीन के पैनल के ठीक ऊपर लगाया गया था, जहां पर यूजर अपना पासवर्ड डालकर कैश निकालते हैं. इस प्लेट में लगे चिप से कार्ड को क्लोन करके उसका डुप्लीकेट कार्ड बनाया जाता है और वहां लगे कैमरे की मदद से पासवर्ड चोरी किया जाता है. जब एक व्यक्ति को इसकी भनक लगी, तो उसने चाबी लगाकर इस प्लेट को हटाया और फिर बैंक को इसकी सूचना दी.

स्थानीय दुकानदार खालिद का कहना है कि एटीएम के सामने उनकी दुकान है. मंगलवार को एक लड़का कैश निकालने आया, तो उसने बताया कि इस एटीएम में चिप लगी है. इसकी सूचना हमने बैंक को दी, लेकिन कोई नहीं आया. उन्होंने बताया कि इस एटीएम से कई लोगों के पैसे निकल चुके हैं. इस एटीएम पर जब कैश वैन कैश डालने के लिए आई, तो कैश वैन वालों को एटीएम में चिप लगे होने की सूचना दी गई, लेकिन कैश डालने वालों ने कहा कि हमारा काम सिर्फ एटीएम में कैश डालना है और उस चिप वाली प्लेट को एटीएम के डस्टबिन में ही डाल दिया था.

Advertisement

राशिद अली नाम के युवक के एटीएम से बुधवार को ही 48 हज़ार रुपये निकाल लिए गए. युवक का दावा है कि एक हफ्ते पहले उसने इस एटीएम से दो बार कैश निकाला था. अब बुधवार को उसके अकाउंट से किसी ने कैश निकाल लिया, जबकि एटीएम युवक के पास ही था. इसके बाद युवक ने पुलिस और बैंक से इसकी शिकायत की.

इसके अलावा और भी बहुत से लोग सामने आए हैं, जिनका कैश एटीएम से निकाल लिया गया. एक युवक के अकाउंट में सिर्फ 18 सौ रुपये थे, वो भी निकाल लिए गए. लोगों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की. अब मामले की छानबीन शुरू हो गई है कि आखिर इस इलाके में ये एटीएम क्लोनिंग को कौन अंजाम दे रहा है. इससे पहले पिछले महीने जब एटीएम कार्ड क्लोनिंग की खबरें आई थीं और बहुत से लोगों का कैश निकाला गया था, तब इस इलाके में जिन एटीएम बूथ पर सिक्युरिटी गार्ड नहीं थे, उन पर पुलिस ने ताला लगा दिया था.

इसके बाद बैंकों ने सभी एटीएम में सिक्युरिटी गार्ड रखने का वादा किया था, जिसके बाद पुलिस ने एटीएम के ताले खोल दिए थे, लेकिन अब फिर यह समस्या तूल पकड़ रही है. पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »