WhatsApp पर बॉस की फोटो, सामने ठग... अकाउंटेंट से ऐसे ठग लिए ₹96 लाख

अहमदाबाद में साइबर ठगों ने बॉस की पहचान का इस्तेमाल कर एक अकाउंटेंट को अपने जाल में फंसा लिया. WhatsApp पर आए मैसेज के बाद बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी गई. अगले दिन की मांग ने इस पूरे खेल का राज खोल दिया.

Advertisement
अहमदाबाद में साइबर क्राइम. (Representative Image/File) अहमदाबाद में साइबर क्राइम. (Representative Image/File)

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद ,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:48 PM IST

गुजरात के अहमदाबाद में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने कंपनी के बॉस का नाम और फोटो इस्तेमाल करके अकाउंटेंट को भरोसे में लिया. WhatsApp पर आए एक मैसेज के बाद अकाउंटेंट ने ₹95.80 लाख बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए. अगले दिन उसी तरह ₹1.26 करोड़ भेजने को कहा गया. इस बार अकाउंटेंट ने बॉस से बात कर ली, तब जाकर पूरा खेल सामने आया.

Advertisement

मामला एलिसब्रिज इलाके की एक निजी फाइनेंस कंपनी का है. यहां काम करने वाले 51 वर्षीय अकाउंटेंट को 6 जुलाई को WhatsApp पर मैसेज मिला था. नंबर उनके फोन में कंपनी के बॉस के नाम से सेव था. उस पर बॉस की फोटो भी लगी थी. इसलिए अकाउंटेंट को लगा कि मैसेज सच में बॉस ने ही भेजा है.

एक मैसेज पर ट्रांसफर कर दिए ₹95.80 लाख

अकाउंटेंट कंपनी के पैसे ट्रांसफर करने का काम भी देखते हैं. ठग ने WhatsApp पर एक बैंक अकाउंट नंबर भेजा. साथ ही उसमें ₹95.80 लाख ट्रांसफर करने को कहा. बॉस का नाम और फोटो देखकर अकाउंटेंट ने बिना शक किए रकम बताए गए खाते में भेज दी.
अगले दिन फिर उसी नंबर से मैसेज आया. इस बार एक दूसरा अकाउंट नंबर भेजकर ₹1.26 करोड़ ट्रांसफर करने को कहा गया. रकम पहले से काफी ज्यादा थी, इसलिए अकाउंटेंट ने ऑफिस में बॉस से बात करने का फैसला किया.

Advertisement

बॉस से बात की तो खुली ठगी

अकाउंटेंट ने जब बॉस से पूछा कि क्या उन्होंने पैसे भेजने के लिए मैसेज किया था, तो बॉस ने साफ कहा कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं किया. इसके बाद पता चला कि पहले दिन आया मैसेज भी बॉस ने नहीं भेजा था. यानी जिस नंबर पर बॉस का नाम सेव था, वह असल में उनका नंबर नहीं था. ठगों ने उसी नाम के साथ बॉस की फोटो लगाकर अकाउंटेंट को भरोसे में लिया था. पहली रकम ट्रांसफर होने के बाद उन्होंने दूसरी बड़ी रकम की मांग कर दी.

पुलिस के मुताबिक, किसी अज्ञात ठग ने कंपनी के मोबाइल और कंप्यूटर को हैक किया था. इसके बाद एक अनजान नंबर को बॉस के नाम से सेव किया गया. उसी नंबर पर बॉस की फोटो लगाकर अकाउंटेंट को WhatsApp मैसेज भेजे गए. पहली कोशिश में ठग ₹95.80 लाख हासिल करने में कामयाब रहे. दूसरी बार ₹1.26 करोड़ की मांग ने उनकी पोल खोल दी. मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »