दिल्ली में पकड़े गए आईएसआईएस के संदिग्ध आतंकी अबू यूसुफ ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसके पास अगला आदेश फिदायीन हमले का आ सकता था. इस काम के लिए सुसाइड बेल्ट भी तैयार कर ली गई थी. इससे पहले भी वो कई चौंकाने वाले खुलासे कर चुका है. जिसमें दिल्ली और यूपी में धमाके करने की साजिश की बात भी शामिल है.
वह पिछले 4 से 5 साल तक आईएसआईस हैंडलर के संपर्क में था. उसे अभी महत्वपूर्ण निर्देश मिलने वाले थे. उसका टारगेट फिलहाल भीड़भाड़ वाला कोई इलाका था. उसके घर में 4 बच्चे हैं. वहां वो कॉस्मेटिक की छोटी सी दुकान चलाता है. उसके गांव का नाम बढाईशाही है.
यूसुफ ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके आका अफगानिस्तान में हैं. वहीं से उसे दिशा-निर्देश मिलते थे. फिदायीन हमले का आदेश कभी भी आ सकता था. लिहाजा उन लोगों ने सुसाइड बेल्ट तैयार कर ली थी. यूसुफ ने बताया कि उसने अपने गांव में आईईडी बना कर ड्राई रन किया था.
उसने पुलिस को बताया कि उसका पहला हैंडलर युसुफ अल हिंदी था, वो सीरिया में मारा गया. जबकि उसका दूसरा हैंडलर अबु हुजैफा था, जो अफगानिस्तान में एक ड्रोन हमले के दौरान मारा गया था. यूसुफ के मुताबिक अबु हुजैफा ने ही उसे अफगानिस्तान बुलाया था.
यूसुफ ने आगे पूछताछ में बताया कि अबु हुजैफा की मदद से ही उसने अपना पासपोर्ट भी बनवा लिया था. लेकिन हुजैफा की मौत के बाद वो वहां जा नहीं पाया था. फिर उसके मौजूदा हैंडलर ने कहा कि वो यहीं रहे.
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने धौलाकुआं और करोल बाग के बीच रिज रोड पर बीती रात एक मुठभेड़ के बाद आर्मी पब्लिक स्कूल के पास से एक संदिग्ध आतंकी को पकड़ा था. उसके पास से दो प्रेशर कुकर में 15 किलो आईईडी बरामद हुआ था. आईईडी बरामद होने की खबर के बाद हड़कंप मच गया. स्पेशल सेल और बम डिस्पोजल स्क्वॉयड आईईडी को लेकर बुद्धा जयंती पार्क पहुंचे और उसे डिफ्यूज किया.
तेज तर्रार एनएसजी कमांडो भी अब इस मामले की जांच में शामिल किए गए हैं. पकड़े गए संदिग्ध आतंकी की पहचान अबू युसूफ के तौर पर हुई थी. जिसका ताल्लुक आईएसआईएस से बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, अबू युसूफ यूपी के बलरामपुर का रहने वाला है. उसके निशाने पर कई बड़ी शख्सियत थी. उसने राजधानी के अलग-अलग इलाकों में रेकी भी की थी.
अब पूछताछ में उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि राजधानी के किन-किन इलाकों में उसने रेकी की. कौन सा बड़ा चेहरा इस आतंकी के निशाने पर था. कौन आईएसआईएस के दहशतगर्द की मदद कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद से ही संदिग्ध आतंकी से लगातार पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि आईसआईएस ने लोन वुल्फ अटैक की साजिश रची थी.
हिमांशु मिश्रा