मेंटल हॉस्पिटल में कत्ल के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, साथी मरीज ने सिर और चेहरे पर किए ताबड़तोड़ वार

तमिलनाडु के चेन्नई स्थित किलपॉक इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ में कोर्ट के आदेश पर भर्ती हत्या के आरोपी जाकिर की साथी मरीज अरविंदसामी ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
आरोपी पर पहले ही अपनी मां का कत्ल करने का इल्जाम है (फोटो-ITG) आरोपी पर पहले ही अपनी मां का कत्ल करने का इल्जाम है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • चेन्नई,
  • 25 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:46 PM IST

चेन्नई के किलपॉक स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ (Institute of Mental Health) में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोर्ट के आदेश पर मानसिक उपचार के लिए भर्ती किए गए 27 वर्षीय हत्या आरोपी की दूसरे मरीज ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार हिंसक झगड़े में बदल गया. गंभीर रूप से घायल जाकिर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Advertisement

मृतक की पहचान कोयंबटूर जिले के पोलाची निवासी 27 वर्षीय जाकिर के रूप में हुई है. जाकिर बोलने में असमर्थ था. पुलिस के अनुसार उसे वर्ष 2024 में अलीयार पार्क में एक बुजुर्ग की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. बाद में पोलाची की अदालत ने उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे विशेष मनोचिकित्सकीय उपचार के लिए नवंबर 2024 में किलपॉक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने का आदेश दिया था. तब से वह वहीं भर्ती था.

पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोपी 19 वर्षीय अरविंदसामी तेनकासी जिले का रहने वाला है. उसे भी अपनी मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. अदालत के आदेश पर उसे भी इसी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था. दोनों आरोपी एक ही वार्ड में रह रहे थे और अस्पताल प्रशासन की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था.

Advertisement

जांच में सामने आया है कि जाकिर और अरविंदसामी के बीच पिछले कुछ समय से लगातार कहासुनी होती रहती थी. अस्पताल के भीतर रोजमर्रा के काम, खासकर शौचालय की सफाई के दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ था. कर्मचारियों ने कई बार दोनों को समझाकर मामला शांत कराया, लेकिन दोनों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था.

पुलिस के मुताबिक 20 जुलाई को दोनों के बीच फिर से तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अरविंदसामी ने जाकिर पर हमला कर दिया. उसने जाकिर के सिर और चेहरे पर लगातार मुक्कों से कई वार किए. हमले में जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई.

पीटीआई के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद अस्पताल प्रशासन ने जाकिर को इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया. उसकी मौत के बाद अस्पताल और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

इस मामले में सेक्रेटेरिएट कॉलोनी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं आरोपी अरविंदसामी को फिलहाल कड़ी निगरानी में उसी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »