PUBG में ₹1 लाख जीतने का टास्क! ग्वालियर के लिए घर से निकला 8वीं का छात्र, भटककर पहुंचा मथुरा, पुलिस ने किया बरामद

फिरोजाबाद में PUBG में ₹1 लाख जीतने के टास्क को पूरा करने निकला 14 साल का आठवीं का छात्र रास्ता भटककर इंदौर और फिर मथुरा पहुंच गया. पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे रोडवेज बस से सकुशल बरामद कर लिया. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने बच्चे को उसके परिवार से मिला दिया (फोटो-ITG) पुलिस ने बच्चे को उसके परिवार से मिला दिया (फोटो-ITG)

सुधीर शर्मा

  • फिरोजाबाद,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:55 AM IST

फिरोजाबाद में ऑनलाइन गेमिंग का एक टास्क आठवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र को घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर ले गया. बताया गया कि छात्र PUBG में एक लाख रुपये का इनाम जीतना चाहता था. इसी लालच में मिले एक टास्क को पूरा करने के लिए वह ग्वालियर जाने के लिए घर से निकला था. लेकिन रास्ता भटकने के बाद वह पहले इंदौर और फिर मथुरा पहुंच गया. दो दिन से लापता छात्र को पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मथुरा में एक रोडवेज बस से सकुशल बरामद कर लिया.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, पिता की मौत के बाद छात्र मोबाइल पर ज्यादा समय बिताने लगा था. इसी दौरान उसे ऑनलाइन गेम PUBG खेलने की आदत लग गई. गेम में एक लाख रुपये का इनाम जीतने की चाह में मिले टास्क को पूरा करने के लिए उसने ग्वालियर जाने का फैसला किया. इसी बीच बुधवार को उसके कक्षा चार में पढ़ने वाले छोटे भाई का स्कूल में एक सहपाठी से विवाद भी हुआ था. इसके अगले दिन गुरुवार शाम करीब पांच बजे छात्र स्कूल बैग लेकर अचानक घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा.

परिजनों ने छात्र की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने अपहरण की आशंका जताते हुए थाना दक्षिण में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में छोटे भाई के सहपाठी के पिता पर आरोप लगाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें जैन मंदिर के पास छात्र एक ऑटो में जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से उसके मोबाइल नंबर को ट्रैक करना शुरू किया.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को छात्र की लोकेशन मथुरा में एक बस के अंदर मिली. पूछताछ में सामने आया कि छात्र ग्वालियर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन गलती से इंदौर पहुंच गया. वहां पहुंचने के बाद उसे पता चला कि वह गलत जगह आ गया है. इसके बाद उसने दूसरी बस पकड़ी, लेकिन सफर के दौरान उसे नींद आ गई. जब उसकी आंख खुली तो वह मथुरा पहुंच चुका था. इसके बावजूद उसने अपना टास्क पूरा करने की कोशिश जारी रखी और मथुरा से ग्वालियर जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गया.

इसी दौरान सर्विलांस के जरिए पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई और टीम ने उसे सकुशल बरामद कर लिया. एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आठवीं के छात्र के लापता होने का मामला सुलझा लिया गया है. सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छात्र की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया था. पुलिस ने छात्र को सुरक्षित बरामद करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »