केरल में पति की हैवानियत! पोर्न साइट्स पर डाले पत्नी के अंतरंग वीडियो, 4 साल की बेटी के सामने भी की शर्मनाक हरकत

केरल के कोट्टियम में 31 साल के शख्स पर पत्नी के निजी वीडियो पोर्न वेबसाइट्स पर डालने और 4 साल की बेटी के सामने अश्लील हरकत करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर POCSO एक्ट में केस दर्ज किया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (सांकेतिक फोटो-ITG) पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (सांकेतिक फोटो-ITG)

aajtak.in

  • कोट्टियम,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:09 PM IST

केरल के कोट्टियम से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां 31 साल के एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उस शख्स पर अपनी पत्नी के निजी वीडियो अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड करने का इल्जाम है. इतना ही नहीं, आरोपी पर अपनी चार साल की बेटी के सामने अश्लील हरकत करने का भी गंभीर आरोप लगा है. 

Advertisement

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से मय्यानाड का रहने वाला है और पिछले करीब चार साल से अपनी पत्नी और बेटी के साथ ब्रिटेन में रह रहा था. दोनों की शादी करीब छह साल पहले हुई थी और शादी से पहले वे एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. बताया गया कि परिवार के ब्रिटेन में रहने के दौरान ही इस मामले की शुरुआत हुई. पत्नी के दोस्तों ने उसे उसके निजी वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने की जानकारी दी.

महिला को जब उसके दोस्तों ने बताया कि उसके इंटीमेट वीडियोज़ पोर्नोग्राफिक वेबसाइटों पर मौजूद हैं, तो उसने कथित तौर पर अपने पति से इस बारे में बात की. महिला ने उसे ऐसा दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी. इसके बाद उसे अपने पति पर शक हुआ और उसने उसका मोबाइल फोन चेक किया. पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में एक ऐसा वीडियो मिला, जिसमें आरोपी अपनी चार साल की बेटी की मौजूदगी में अश्लील हरकत करता नजर आया.

Advertisement

इस घटना के सामने आने के बाद परिवार ब्रिटेन से वापस केरल लौट आया. पुलिस के अनुसार, केरल पहुंचने के बाद आरोपी की तीन दिनों तक काउंसलिंग भी कराई गई. हालांकि, आरोप है कि काउंसलिंग के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं. पुलिस का कहना है कि उसने कथित तौर पर बच्ची को शामिल करते हुए एक और वीडियो रिकॉर्ड किया.

महिला ने जब पति की इस कथित हरकत का विरोध किया तो मामला और गंभीर हो गया. आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया. इसी बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पीटीआई के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने कथित वीडियो को भी देखा. इसके बाद मामले में बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले POCSO एक्ट के तहत अलग से केस दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन घटना के बाद वह कथित तौर पर फरार हो गया था.

पुलिस ने आरोपी को ट्रेस करने के लिए जांच आगे बढ़ाई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब मामले से जुड़े वीडियो, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. इस मामले में बच्ची की मौजूदगी से जुड़ी शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है और इसी वजह से POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

Advertisement

शिकायतकर्ता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता प्रशांत वी. कुरुप ने आरोपी पर एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी पर वाइफ स्वेपिंग में शामिल होने का दबाव भी बनाता था. वकील के मुताबिक, महिला ने इसके लिए कभी सहमति नहीं दी.

अधिवक्ता कुरुप ने बताया कि आरोपी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया था और वह अपनी पत्नी के साथ ब्रिटेन गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि काउंसलिंग के बाद भी आरोपी ने कथित अपराध जारी रखे. वकील के अनुसार, महिला ने लगातार इन हरकतों का विरोध किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई.

वकील ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि शुरुआत में महिला का बयान दर्ज करने और जांच आगे बढ़ाने में पुलिस की ओर से कुछ लापरवाही हुई. बाद में जब शिकायतकर्ता की ओर से केरल हाई कोर्ट जाने की तैयारी की गई तो पुलिस ने जांच में तेजी दिखाई.

अधिवक्ता प्रशांत वी. कुरुप का दावा है कि केरल हाई कोर्ट का रुख करने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपी पर पत्नी के निजी वीडियो प्रसारित करने, बच्ची की मौजूदगी में कथित अश्लील हरकत करने और महिला के साथ मारपीट समेत कई गंभीर आरोप हैं.

Advertisement

पुलिस की जांच में अब यह भी देखा जा रहा है कि कथित वीडियो कहां-कहां अपलोड किए गए और उन्हें किस तरह प्रसारित किया गया. साथ ही बच्ची से जुड़े आरोपों की भी POCSO कानून के तहत जांच की जा रही है. मामले में सामने आए सभी आरोपों की पुष्टि जांच और अदालत की कार्रवाई के बाद ही पूरी तरह हो सकेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »