पत्नी के मर्डर की साजिश रच रहा था रियल एस्टेट कारोबारी, चेकिंग के दौरान ऐसे हुआ खुलासा, देसी पिस्टल और 6 कारतूस बरामद

हैदराबाद के अंबरपेट में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक रियल एस्टेट कारोबारी को देसी पिस्टल और 6 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने कारोबारी से पूछताछ की, तो ऐसी खूनी साजिश का खुलासा हुआ कि सब हैरान रह गए. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया (सांकेतिक फोटो-ITG) पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया (सांकेतिक फोटो-ITG)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:18 PM IST

हैदराबाद के अंबरपेट इलाके में पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस ने एक कार से देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी ही पत्नी की हत्या करने की साजिश रच रहा था. पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया. फिलहाल, इस पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है.

Advertisement

संदिग्ध कार की चेकिंग
पुलिस के मुताबिक, 9 मार्च 2026 को शाम करीब 6 बजे अंबरपेट पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एन. अंजी रेड्डी अपनी टीम के साथ इलाके में वाहन चेकिंग कर रहे थे. उनके साथ क्राइम टीम के पुलिसकर्मी पीसी वामसी कृष्णा और पीसी श्रीधर भी मौजूद थे. यह चेकिंग अली कैफे के पास की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग के इलेक्ट्रिक वाहन को जांच के लिए रोका. वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कुछ ऐसा मिला जिसने सभी को चौंका दिया.

कार की डिक्की से मिली देसी पिस्टल
जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए. यह देखकर पुलिस तुरंत सतर्क हो गई और वाहन चला रहे व्यक्ति से पूछताछ शुरू की. आरोपी ने पहले गोलमोल जवाब देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम और पूरी सच्चाई बता दी. हथियार मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया.

Advertisement

आरोपी निकला रियल एस्टेट कारोबारी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धमारा अरुण कुमार (48) बताया. वह हैदराबाद के मलकाजगिरी इलाके के मारुति नगर का रहने वाला है और रियल एस्टेट का कारोबार करता है. पुलिस के सामने उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह अपनी दूसरी पत्नी निशिता रानी की हत्या करने की योजना बना रहा था. इसी मकसद से उसने अवैध हथियार का इंतजाम किया था. पुलिस इस खुलासे के बाद पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है.

बिहार के मुंगेर से मंगवाया गया हथियार
जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में दो अन्य लोग भी शामिल थे. मलकाजगिरी के रहने वाले मोहम्मद अब्बू और याकूतपुरा के मीर मुजम्मिल ने आरोपी के लिए हथियार की व्यवस्था की थी. पुलिस के अनुसार, मुजम्मिल ने बिहार के मुंगेर से देसी पिस्टल और कारतूस खरीदे थे. इसके बाद वह इन्हें हैदराबाद लेकर आया और अरुण कुमार को सौंप दिया. बिहार का मुंगेर अवैध हथियारों के लिए पहले से ही बदनाम इलाका माना जाता है.

हथियार, कार और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, एक इलेक्ट्रिक कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सभी सामान को जब्त कर लिया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अंबरपेट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश के पीछे कोई और वजह या नेटवर्क तो नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement