हैदराबाद: किराना दुकान के बाहर सो रहे मजदूर की हथौड़ा मार कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

हैदराबाद के अशोक नगर में किराना दुकान के बाहर सो रहे 40 वर्षीय मजदूर सुभाष की हथौड़े से हत्या कर दी गई. ये खौफनाक वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG) इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:30 PM IST

हैदराबाद में एक व्यक्ति की हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई. 40 वर्षीय सुभाष बुधवार की रात अशोक नगर इलाके में एक किराना दुकान के बाहर सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर हथौड़े से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई. यह घटना चिक्कड़पल्ली पुलिस थाना क्षेत्र की है.

Advertisement

मृतक की पहचान सुभाष के रूप में हुई है. बताया गया है कि वह दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे और फुटपाथ पर सोते थे. बुधवार की रात वह अशोक नगर स्थित संतोषा किराना स्टोर के पास सो रहे थे. इसी दौरान किसी ने उन पर हथौड़े से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत की वजह बनीं.

गुरुवार सुबह राहगीरों ने सुभाष को दुकान के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए गांधी अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल के पास खून से सना एक हथौड़ा भी मिला है, जिसे मामले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

Advertisement

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है. यह धारा हत्या के अपराध से संबंधित है. वारदात को अंजाम देने वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

फिलहाल सुभाष की हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. हमलावर कौन थे और उन्होंने सुभाष को निशाना क्यों बनाया, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »