झारखंड के गोड्डा जिले में 12 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ललमटिया थाना क्षेत्र के दहुआ गांव में बच्ची का शव घर के आंगन में मिला. शव से सिर गायब होने की बात सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, 12 साल की नीतू मरांडी अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी. उसके पिता का नाम तलवा मरांडी बताया गया है. आरोप है कि देर रात बच्ची को घर से बाहर ले जाया गया और घर के पीछे स्थित जगह पर उसकी हत्या कर दी गई. धारदार हथियार से बच्ची का सिर धड़ से अलग किए जाने की बात सामने आई है. वारदात के बाद बच्ची का सिर गायब बताया जा रहा है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब बच्ची का शव घर के आंगन में मिला तो गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. मासूम बच्ची की इस बेरहमी से हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल बन गया. ग्रामीणों के बीच इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर 12 साल की बच्ची की हत्या किसने और क्यों की?
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है. पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
कहां गया बच्ची का कटा हुआ सिर?
इस जघन्य हत्याकांड के बाद गांव में कई सवाल उठ रहे हैं. आखिर मासूम नीतू मरांडी की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी? सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्ची का सिर कहां गायब हो गया? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं. ग्रामीणों को पुलिस की जांच से उम्मीद है कि जल्द ही इस वारदात की सच्चाई सामने आएगी और दोषी की पहचान हो सकेगी.
सत्यजीत कुमार