दिल्लीः जहांगीरपुरी में साइकिल से धक्का लगने पर विवाद, मारपीट में 1 की मौत, 3 घायल

दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक बच्चे से दूसरे की साइकिल टकरा गई. इसे लेकर हुए विवाद में दो परिवारों के बीच मारपीट हुई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं.

Advertisement
जहांगीरपुरी ई ब्लॉक की घटना (प्रतीकात्मक तस्वीर) जहांगीरपुरी ई ब्लॉक की घटना (प्रतीकात्मक तस्वीर)

हिमांशु मिश्रा / तनसीम हैदर

  • नई दिल्ली,
  • 17 जून 2022,
  • अपडेटेड 9:07 AM IST
  • तीनों घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार
  • एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश में पुलिस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी में मारपीट का मामला सामने आया है. दो परिवारों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. दोनों परिवार एक ही समुदाय के बताए जा रहे हैं. पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.

Advertisement

बताया जाता है कि 16 जून की देर रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर जहांगीरपुर थाने की पुलिस को फोन कॉल आया. फोन करने वाले ने जहांगीरपुरी के ई ब्लॉक में मारपीट की सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने चार घायलों को उपचार के लिए तत्काल BJRM अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में उपचार के दौरान 42 साल के अब्दुल मुतालिफ की मौत हो गई. तीन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है.

जानकारी के मुताबिक दो परिवारों में झगड़ा बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर हुआ. दो नाबालिग बच्चों के बीच साइकिल से धक्का लगने को लेकर कहासुनी हुई. बच्चों के बीच कहासुनी में परिवार के बड़े लोग भी शामिल हो गए और विवाद बढ़ता ही चला गया. देखते ही देखते दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई.

Advertisement

आरोप है कि एक पक्ष के नाबालिग बच्चे के पिता मोहम्मद रज्जाक ने अपने भाई मोहम्मद रुताज और दो-तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. दूसरे पक्ष की शाहिदा खातून, अब्दुल मुतालिफ, अब्दुल वाहिद और शबनम मारपीट में  घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मोहम्मद रुताज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. रज्जाक फरार बताया जा रहा है. पुलिस, रज्जाक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. दोनों ही परिवार एक ही समुदाय के हैं. पुलिस के मुताबिक इस घटना में किसी तरह के पथराव की बात सामने नहीं आई है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »