बेंगलुरु में कैब ड्राइवर दामाद ने ससुराल में मचाया तांडव, पत्नी-सास समेत 7 लोगों की बिछा दी लाशें

बेंगलुरु में कैब ड्राइवर इंदुशेखर पर पत्नी समेत परिवार के सात लोगों की हत्या का आरोप है. नंदी हिल्स के पास सात साल के बच्चे का शव मिला है, बाकी शवों की तलाश जारी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG) इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

सगाय राज

  • बेंगलुरु,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:40 AM IST

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सामूहिक हत्याकांड का एक मामला सामने आया है. यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी के परिवार के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है. आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है. शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी से नाराज था और उसे इस बात से परेशानी थी कि उसकी पत्नी लगातार अपने मायके के परिवार के संपर्क में रहती थी. इसी घरेलू विवाद के चलते उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया.

Advertisement

आरोप है कि इस हत्याकांड में आरोपी ने अपनी पत्नी सुनीता, सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, दो सालियां दिव्या और नलिनी के अलावा सात साल के बच्चे पुनीत को निशाना बनाया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस वारदात की योजना पहले से बना रखी थी. उसने कथित तौर पर सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की. इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया था. आरोप है कि वहां उसने दोनों की हत्या कर दी. इसके बाद उनकी पत्नियों, अपनी सास और सात साल के बच्चे की भी जान ले ली. इस तरह आरोपी पर एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है. पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

Advertisement

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए पीसने वाले पत्थर का इस्तेमाल किया. आरोप है कि उसने सभी शवों को अपनी कार में रखा और फिर उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाकर ठिकाने लगा दिया. इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर वारदात वाली जगह पर खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया. पुलिस को शक है कि आरोपी ने सबूत मिटाने और जांच को भटकाने की कोशिश भी की.

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की. पूछताछ में आरोपी के बयान कथित तौर पर बार-बार बदल रहे थे. उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ और जांच का दायरा बढ़ाया गया. इसके बाद पुलिस ने कथित हत्याकांड और शवों को ठिकाने लगाने के मामले की जांच शुरू की.

पुलिस ने शवों की तलाश में नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान पुलिस को सात साल के एक बच्चे का शव बरामद हुआ. हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बच्चे के शव की पहचान की प्रक्रिया अभी बाकी है. बाकी लोगों के शवों की तलाश भी जारी है. पुलिस अलग-अलग संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है.

Advertisement

आरोपी ने सात हत्याओं का किया दावा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि उसने परिवार के सभी सात लोगों की हत्या की है. हालांकि, पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि के लिए जांच कर रही है. फिलहाल एक सात साल के बच्चे का शव मिला है, जिसकी पहचान की जानी बाकी है. बाकी छह लोगों के शवों की तलाश जारी है. पुलिस सभी तथ्यों और आरोपी के बयानों का मिलान कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्याकांड से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »