महाराष्ट्र के अमरावती जिले के तिवसा कस्बे में पारिवारिक विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक ससुर पर अपने ही बेटे और बहू को कार से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, घटना तिवसा के नए कोर्ट के सामने स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट के बाहर हुई. आरोप है कि मोहम्मद जमा इद्रीस खान का अपने बेटे आजाद खान और बहू अश्विनी खान के साथ किराए और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान आरोपी ने अपनी कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दी और सीधे उस स्थान की ओर ले गया, जहां उसका बेटा और बहू मौजूद थे. इस दौरान कार रेस्टोरेंट के काउंटर में जा घुसी. घटना में बहू अश्विनी खान कार की चपेट में आ गईं, जिससे उनके दोनों पैरों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. हादसे में रेस्टोरेंट का काउंटर और परिसर की दीवार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
ससुर के साथ देवर ने भी की मारपीट
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद मामला यहीं नहीं रुका. उनके अनुसार, आरोपी ससुर के साथ सास और देवर ने भी उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. घायल बहू ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
पत्थरबाजी करने का आरोप
हालांकि मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है. आरोपी पिता ने अपने बेटे आजाद खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उस पर गाली-गलौज और पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
तिवसा थाना प्रभारी गोपाल उपाध्याय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
धनंजय साबले