उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां परिवार की मर्जी के खिलाफ कोर्ट मैरिज करना एक युवती के लिए जानलेवा साबित हुआ. एक पिता पर अपनी ही बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता ने पूछताछ के दौरान बताया कि बेटी ने करीब चार महीने पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था, जिससे वह बेहद नाराज था.
यह दिल दहला देने वाली वारदात आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र के नहटोली गांव की है. पुलिस के अनुसार, विमल शर्मा अपनी पत्नी सीता, बेटे अंकुश और बेटी अंकिता के साथ पिछले करीब 15 वर्षों से गांव में किराये के मकान में रह रहे थे. जांच में सामने आया कि अंकिता का गांव के ही रहने वाले अमित पचौरी से प्रेम संबंध था. अमित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में जवान है. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था. इसी वजह से घर में लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी.
पुलिस के मुताबिक, परिवार के विरोध के बावजूद अंकिता और अमित ने करीब चार महीने पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी. शादी के बाद अमित अपनी ड्यूटी पर लौट गया, जबकि अंकिता अपने मायके में ही रह रही थी. बताया जा रहा है कि बेटी का मायके में रहना और परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी करना आरोपी पिता को लगातार परेशान कर रहा था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था, जो आखिरकार एक दर्दनाक वारदात में बदल गया.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी पिता बेटी के कमरे में पहुंचा. आरोप है कि पहले उसने अंकिता के साथ मारपीट की और फिर उसकी चुनरी से कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि घटना के समय आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटे को कमरे से बाहर भेज दिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद वह शव के पास ही बैठा रहा। इसी दौरान युवती की चीखें सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से अंकिता का शव बरामद किया. प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया. हालांकि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. तमाम सबूत भी जुटाए जा रहे हैं.
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार के भीतर सम्मान के नाम पर हत्या की आशंका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
नितिन उपाध्याय