केरल में साइबर सेल अधिकारी बनकर महिला से अश्लील वीडियो मांगने का मामला सामने आया है. कोल्लम में रहने वाले एक शख्स को साइबर सेल का अधिकारी बनकर एक युवती को डराने और उससे अश्लील वीडियो मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को आरोपी को तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया. उस वक्त वह जर्मनी से केरल पहुंचा था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 38 साल के लिजो फेलिक्स के रूप में हुई है. त्रिशूर ग्रामीण जिला पुलिस प्रमुख मुहम्मद नदीम के निर्देश पर त्रिशूर ग्रामीण साइबर क्राइम अधिकारियों की टीम ने उसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इस साल फरवरी में युवती से संपर्क किया था. उसने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को साइबर सेल का अधिकारी बताया. उसने युवती से कहा कि वह साइबर सेल की निगरानी में है और उसे अश्लील वीडियो देखते हुए पाया गया है.
गिरफ्तारी की धमकी देकर युवती को डराया
आरोप है कि लिजो फेलिक्स ने युवती को गिरफ्तारी की धमकी देकर डराया. इसके बाद उसने युवती से कहा कि उसे काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत अपने अश्लील वीडियो भेजने होंगे. पुलिस के मुताबिक, इसी बहाने उसने युवती पर दबाव बनाया और उसे अपने अश्लील वीडियो भेजने के लिए मजबूर किया.
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई. इसी बीच ग्रामीण जिला पुलिस प्रमुख मुहम्मद नदीम को सूचना मिली कि आरोपी जर्मनी से घर लौटने वाला है और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर उतरेगा. इस जानकारी के आधार पर त्रिशूर ग्रामीण साइबर पुलिस की टीम एयरपोर्ट पहुंची.
यह भी पढ़ें: केनरा बैंक से 212 करोड़ की ठगी, IL&FS के MD और निदेशकों पर CBI ने दर्ज की FIR
आरोपी के केरल पहुंचते ही पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की. इसके बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने साइबर सेल अधिकारी होने का झूठा दावा कर युवती को निगरानी और गिरफ्तारी का डर दिखाया था. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
aajtak.in