VIDEO: जालंधर स्कूटी ब्लास्ट का सामने आया दूसरा CCTV, संदिग्ध शख्स की हरकत कैमरे में कैद, ISI कनेक्शन का दावा

जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर हुए स्कूटी ब्लास्ट का दूसरा CCTV सामने आया है. फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां साफ दिख रही हैं. वहीं अमृतसर में भी धमाके के बाद पुलिस ISI एंगल की जांच कर रही है. दोनों धमाकों को लेकर सियासत भी गरमा गई है.

Advertisement
जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट पर सियासत तेज, CCTV और फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस. (File Photo: ITG) जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट पर सियासत तेज, CCTV और फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • जालंधर,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:59 PM IST

पंजाब के जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर हुए स्कूटी बम धमाके की दूसरी CCTV फुटेज सामने आई है, जिसने जांच को नया मोड़ दे दिया है. करीब 29 सेकंड की इस फुटेज में एक पगड़ीधारी व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई देता है. वह उस जगह के पास कुछ देर रुकता है, जहां स्कूटी खड़ी होती है और फिर वहां से चला जाता है. उसके जाते ही स्कूटी में जोरदार धमाका हो जाता है.

Advertisement

धमाका होते ही एक युवक भागकर BSF हेडक्वार्टर के अंदर जाता हुआ दिखाई देता है. इससे पहले सामने आई CCTV फुटेज में भी धमाके के बाद एक अज्ञात व्यक्ति को छिपने के लिए भागते हुए देखा गया था. मंगलवार रात पंजाब में सुरक्षा ठिकानों के पास एक के बाद एक दो धमाकों से दहशत फैल गई. पहला धमाका रात करीब 8 बजे जालंधर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के पंजाब फ्रंटियर हेडक्वार्टर के बाहर हुआ.

दूसरा धमाका रात करीब 11 बजे अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंटोनमेंट के पास हुआ. इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. जालंधर में BSF चौक के पास हुए धमाके को लेकर पहले पुलिस ने कहा था कि एक खड़े स्कूटर में आग लग गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनने का दावा किया. जांच में सामने आया है कि विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था.

Advertisement

देखिए धमाके का CCTV फुटेज...

पंजाब के DGP गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि अमृतसर में हुआ धमाका कम तीव्रता का था. इसकी जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है. हालांकि उन्होंने शक जताया कि इसके पीछे पाकिस्तान की ISI का हाथ हो सकता है. उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर की एनिवर्सरी के चलते यह पंजाब में गड़बड़ी फैलाने की साजिश हो सकती है. पंजाब देश की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ एक प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा है."

वहीं जालंधर धमाके को लेकर उन्होंने कहा कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLF) ने इसकी जिम्मेदारी ली है, जिसकी जांच की जा रही है. जालंधर धमाके में एक स्कूटर पूरी तरह टूट गया, जबकि एक ट्रैफिक सिग्नल पोल और पास की दुकान के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए. यह स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो इलाके में नियमित रूप से पार्सल डिलीवरी करता है. स्कूटर में तेज आवाज के तुरंत बाद आग लग गई.

जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा, "फोरेंसिक टीमों ने मौके से एक्सप्लोसिव स्वैब इकट्ठा किए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है. हमारा मानना है कि धमाका एक्सप्लोसिव के इस्तेमाल से किया गया था." उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की समीक्षा जारी है. पुलिस को 3-4 बड़े अहम सुराग मिले हैं, जिनकी तेजी से जांच की जा रही है. पुलिस की कई टीमें लगी हैं.

Advertisement

अमृतसर (ग्रामीण) के पुलिस अधिक्षक सुहैल मीर कासिम ने बताया कि खासा इलाके में किसी ने बाउंड्री वॉल की तरफ एक्सप्लोसिव डिवाइस फेंका, जिससे धमाका हुआ. इससे दीवार को ढकने वाली टिन की चादर का हिस्सा गिर गया. फोरेंसिक और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने दोनों जगहों से सैंपल इकट्ठा किए हैं. इन धमाकों को लेकर सियासत भी गरमा गई है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे मामूली घटना बताया है.

उन्होंने कहा कि ऐसे धमाके आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा हो सकते हैं. इसके पीछे राजनीतिक मंशा हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि बेअदबी विरोधी कानून पास होने के बाद राज्य को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है. BJP ने इन आरोपों पर पलटवार किया है. राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि बिना जांच इस तरह के आरोप लगाना गलत है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »