राशन कार्ड (Ration Card) सिर्फ सस्ता या मुफ्त अनाज लेने का दस्तावेज नहीं है. कई सरकारी योजनाओं में यह परिवार की पहचान और सदस्यों की जानकारी देने के लिए भी काम आता है. खासकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) में राशन कार्ड या परिवार की संरचना बताने वाला दूसरा सरकारी दस्तावेज जरूरी है.
वहीं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) में राशन कार्ड को परिवार की पहचान के लिए इस्तेमाल होता. हालांकि, हर लाभार्थी के लिए यह अनिवार्य नहीं होता. अगर आपके पास राशन कार्ड नहीं है, तो इसे बनवाने की प्रक्रिया जानना आपके काम आ सकता है.
राशन कार्ड क्यों है जरूरी?
राशन कार्ड के जरिए पात्र परिवारों को सरकारी राशन की दुकानों से मुफ्त या कम कीमत पर अनाज मिलता है. इसके अलावा यह परिवार के सदस्यों और उनकी पहचान से जुड़ा एक अहम दस्तावेज भी है. कई सरकारी योजनाओं में इसका इस्तेमाल परिवार की जानकारी के प्रमाण के तौर पर किया जाता है. हालांकि, यह समझना जरूरी है कि हर सरकारी योजना में राशन कार्ड अनिवार्य नहीं होता। कुछ योजनाओं में दूसरे सरकारी दस्तावेज भी स्वीकार किए जाते हैं. इसलिए किसी योजना के लिए आवेदन करने से पहले उसकी पात्रता और दस्तावेजों की शर्तें जरूर जांच लें.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में राशन कार्ड जरूरी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत पात्र गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बिना सिक्योरिटी डिपॉजिट के LPG कनेक्शन दिया जाता है. योजना में पात्रता के लिए महिला की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और परिवार में पहले से किसी सदस्य के नाम पर LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए. इस योजना में राशन कार्ड का इस्तेमाल परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनकी संख्या की पुष्टि के लिए होता है. अगर राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है, तो राज्य या केंद्र सरकार की ओर से जारी परिवार की संरचना बताने वाला दूसरा मान्य दस्तावेज भी दिया जा सकता है.
पीएम उज्ज्वला योजना के लिए ये दस्तावेज जरूरी
अगर आधार कार्ड पर मौजूदा पते की जानकारी सही है, तो इसे एड्रेस प्रूफ के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. पता अलग होने पर मान्य एड्रेस प्रूफ देना होगा. योजना के तहत सिक्योरिटी डिपॉजिट के बिना कनेक्शन के साथ पात्र लाभार्थियों को पहली बार रिफिल गैस सिलेंडर और चूल्हा भी मुफ्त दिया जाता है.
आयुष्मान भारत योजना में राशन कार्ड जरूरी?
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है. इस योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि आपका नाम सरकारी लाभार्थी सूची में है या नहीं. यहां एक अहम बात समझ लें, आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए हर व्यक्ति के पास राशन कार्ड होना अनिवार्य नहीं है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के मुताबिक, लाभार्थी की पहचान के लिए आधार या दूसरा मान्य सरकारी पहचान पत्र और परिवार की पहचान के लिए राशन कार्ड या दूसरा मान्य पारिवारिक दस्तावेज इस्तेमाल किया जा सकता है.
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए क्या रखें तैयार
योजना की पात्रता और दस्तावेजों की शर्तें राज्य और लाभार्थी श्रेणी के हिसाब से अलग हो सकती हैं. 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत आयुष्मान वय वंदना कार्ड (Ayushman Vay Vandana Card) की शुरुआत की गई है, जिसके तहत उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है. इस श्रेणी में नामांकन के लिए आधार आधारित e-KYC जरूरी है और आधार ही मुख्य दस्तावेज है.
राशन कार्ड नहीं है तो कैसे बनवाएं?
अगर आपके पास राशन कार्ड नहीं है, तो आप अपने राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग (Food and Civil Supplies Department) के जरिए आवेदन कर सकते हैं. ज्यादातर राज्यों में इसके लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है. आवेदन का तरीका राज्य के हिसाब से थोड़ा अलग हो सकता है.
ऑनलाइन आवेदन करने का तरीका:
आवेदन के बाद कैसे चेक करें स्टेटस?
राशन कार्ड का फॉर्म जमा करने के बाद आवेदन का रेफरेंस नंबर संभालकर रखना जरूरी है. इसी की मदद से आप अपने राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन की स्थिति देख सकते हैं. अगर आवेदन में कोई कमी होगी, तो विभाग की ओर से अतिरिक्त जानकारी या दस्तावेज मांगे जा सकते हैं.
कौन लोग राशन कार्ड बनवा सकते हैं
भारत में राशन कार्ड बनवाने के लिए मुख्य रूप से वही परिवार पात्र होते हैं जो संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की सरकार की तय शर्तें पूरी करते हैं. सिर्फ गरीब होना ही एकमात्र पैमाना नहीं है. परिवार की आमदनी, रोजगार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक परिस्थितियों के आधार पर पात्रता तय की जाती है. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के तहत राज्य सरकारें पात्र परिवारों की पहचान करती हैं. आम तौर पर इन वर्गों के परिवारों को प्राथमिकता मिल सकती है...
इनमें से किसी वर्ग में होना अपने आप राशन कार्ड मिलने की गारंटी नहीं है. राज्य के नियम और पात्रता की जांच भी जरूरी है. राशन कार्ड के लिए आवेदन करने से पहले अपने राज्य की आधिकारिक पात्रता शर्तें जरूर देख लें.
आजतक बिजनेस डेस्क