सरकार ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही (वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही) के लिए सभी स्मॉल सेविंग स्कीम्स पर ब्याज दर का ऐलान कर दिया है और इनमें किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित योजनाओं पर जितना ब्याज मिल रहा था, वो मिलता रहेगा. इनमें शामिल राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (Post Office NSC Scheme) पर ब्याज 7.7% स्थिर रहेगा. ये गजब की सरकार स्कीम है, जिसमें सिर्फ ब्याज से ही 5 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हो सकती है. आइए समझते हैं कैसे?
जमकर लगाएं पैसा, रिस्क Zero
हर कोई अपनी कमाई में से सेविंग (Savings) करके ऐसी सेविंग स्कीम्स में निवेश (Investment) का प्लान करता है, जहां उसका पैसा सुरक्षित रहने के साथ ही उस पर रिटर्न भी शानदार मिले. इस लिहाज से बीते कुछ समय में पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित सरकारी योजनाएं खासी पॉपुलर हुई हैं. बच्चे, बूढ़े या फिर जवान, महिलाएं हर किसी के लिए सरकार बचत योजनाएं चला रही है. सबसे खास बात ये है कि Post Office Schemes रिस्क फ्री यानी Zero Risk हैं, क्योंकि इनमें किए गए हर छोटे-बड़े निवेश पर सुरक्षा की गारंटी खुद सरकार देती है. मतलब आपका पैसा पूरी तरह से सुरक्षित है और छोटी-छोटी बचत मोटा फंड जुटा सकती है.
जुलाई 2026 के लिए NSC पर ब्याज
पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम्स न सिर्फ सुरक्षित निवेश के लिहाज से, बल्कि इनमें मिल रहे शानदार ब्याज के चलते भी लोकप्रिय हैं. बात पोस्ट ऑफिस नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (Post Office NSC Scheme) की करें, तो जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए ये 7.7% पर स्थिर रखा गया है. इस योजना में किए गए निवेश पर ब्याज दर कंपाउंडिंग आधार पर ऑफर होती है, जो मैच्योरिटी के बाद निवेशक के खाते में ट्रांसफर की जाती है. इस स्कीम का पूरा फायदा लेने के लिए शर्त ये है कि इसे मैच्योरिटी तक जारी रखा जाए, तभी आपको पूरे ब्याज का भुगतान होगा.
₹1000 से निवेश की शुरुआत
इस पोस्ट ऑफिस स्कीम्स में आप सिर्फ 1000 रुपये से भी निवेश की शुरुआत कर सकते हैं, वहीं मैक्सिमम इन्वेस्टमेंट के लिए कोई लिमिट सेट नहीं है. आप जितना चाहे पैसा लगाएं और उतना ही ज्यादा मुनाफा भी पाएं. इस PO NSC Scheme में बच्चों के नाम पर अकाउंट खोला जा सकता है, और 10 साल से कम उम्र के बच्चे के खाते को माता-पिता ऑपरेट कर सकते हैं. यही नहीं इसमें निवेश के जरि इनकम टैक्स की धारा 80सी के तहत एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये की टैक्स बचत (Tax Saving) भी कर सकते हैं.
ऐसे सिर्फ ब्याज से 5 लाख रुपये की कमाई
NSC Scheme में एकमुश्त निवेश के जरिए आप 5 साल के मैच्योरिटी पीरियड में सिर्फ ब्याज से ही 5 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई कर सकते हैं. इसका गणित समझें, तो आपको इस स्कीम में खाता खुलवाने के साथ ही एक बार में 11.50 लाख रुपये का निवेश करना होगा. इसके बाद 5 साल की मैच्योरिटी पर आपकी ये रकम बढ़कर 16.66 लाख रुपये से ज्यादा हो जाएगी. इसमें अकेले कंपाउंडिंग के साथ मिले ब्याज से होने वाली कमाई ही 5,16,389 रुपये होगी.
पूरा फायदा तभी मिलेगा...
आप अपने हिसाब से निवेश की रकम सेलेक्ट कर सकते हैं, इसके लिए कोई बाध्यता नहीं है. लेकिन इस Post Office NSC स्कीम में निवेश करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. दरअसल, निवेशकों की सुविधा के लिए इसमें मैच्योरिटी से पहले खाता क्लोज करने का ऑप्शन दिया जाता है, लेकिन इसके नुकसान भी हैं. अगर एक साल चालू रखने के बाद खाता बंद किया जाता है, तो आपको ब्याज का एक पैसा नहीं दिया जाएगा और सिर्फ निवेश की गई रकम लौटाई जाएगी. यानी निवेशक को स्कीम के तमाम बेनेफिट्स पाने के लिए खाते को 5 साल तक चालू रखना होगा.
आजतक बिजनेस डेस्क