सोना महंगा है, लेकिन अब उतना महंगा नहीं है. सोना अपने ऑल टाइम हाई (All Time High) से करीब 46 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है. लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी सोने की कीमतों बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. 19 जून को भारतीय कमोडिटी मार्केट (MCX) पर सोने का भाव गिरकर 1,45,710 रुपये तक पहुंच गया.
दरअसल, शुक्रवार को सोने में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. शाम 5 बजे सोने का MCX पर सोने का भाव 1.68 फीसदी गिरकर 1,46,800 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था. इस साल की शुरुआत में सोने के भाव में जोरदार उछाल देखने को मिला था. जनवरी में भाव बढ़कर 1.91 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था.
सोने में भारी गिरावट के पीछे कारण
ग्लोबल लेवल पर भी गोल्ड की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. मुख्यतौर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले के बाद सोने का भाव टूटना शुरू हुआ, क्योंकि फेडरल रिजर्व ने अपनी बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला लिया. साथ ही यह संकेत मिला कि इस साल ब्याज दरों में एक बार फिर बढ़ोतरी की जा सकती है. जिससे ग्लोबल शेयर मार्केट समेत सोने-चांदी में दबाव बढ़ा है. महंगाई बढ़ने के खतरा से भी सोने-चांदी में बिकवाली देखी जा रही है.
हालांकि इस गिरावट ने उन खरीदारों को बड़ी राहत दी है, जो लंबे समय से सोने की कीमतें कम होने का इंतजार कर रहे थे. गुरुवार को भी ट्रेडिंग सत्र के दौरान MCX पर सोने के साथ-साथ चांदी भारी बिकवाली देखी गई. दो दिन में सोना करीब 7 हजार रुपये से ज्यादा सस्ता हो चुका है.
बाजार विश्लेषकों के अनुसार सोने और चांदी में आई यह बड़ी गिरावट उन लोगों के लिए खरीदारी का एक शानदार मौका हो सकती है, जो शादियों के सीजन के लिए सोने में निवेश का इंतजार कर रहे थे, हालांकि, शॉर्ट-टर्म ट्रेडर्स को थोड़ा सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि फेड के आक्रामक रुख के कारण आने वाले कुछ दिनों तक बाजार में थोड़ा और उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है. निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय किश्तों में (SIP के जरिए) खरीदारी की रणनीति अपनाएं.
चांदी में भारी गिरावट
सोने के अलावा चांदी की कीमतों में भी भारी कमी आई है. शुक्रवार को चांदी एक ही झटके में करीब 9000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई. इससे पहले गुरुवार को करीब 13 हजार रुपये प्रति किलो चांदी की कीमतों में गिरावट आई थी. फिलहाल चांदी की कीमत MCX पर गिरकर 2,31,600 रुपये पहुंच गई है, जबकि ट्रेडिंग की दौरान भाव फिसलकर 2,28,162 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया.
चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है. चांदी की कीमत इसी साल शुरुआत में बढ़कर 4.21 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी. चांदी महज 4 से 5 महीने में गिरकर 2.30 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. पिछल दो दिन में ही 22 हजार रुपये से ज्यादा चांदी की कीमत गिर चुकी है.
आजतक बिजनेस डेस्क