नौकरी बदलने के बाद अगर आपका पुराना PF अकाउंट UAN से सही तरह लिंक नहीं है, तो फंड विड्रॉल, ट्रांसफर और पेंशन से जुड़े काम अटक सकते हैं. ऐसी दिक्कत अक्सर तभी सामने आती है, जब कर्मचारी PF विड्रॉल, ट्रांसफर रिक्वेस्ट या पेंशन बेनिफिट के लिए आवेदन करता है.
इसी परेशानी को कम करने के लिए EPFO ने अपने अपग्रेडेड यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर सर्विस हिस्ट्री फीचर शुरू किया है. इसका मकसद आपकी पूरी सर्विस हिस्ट्री एक ही जगह दिखाना है, ताकि पहले ही पता चल जाए कि कोई पुराना एम्प्लॉमेंट डिटेल, सर्विस रिकॉर्ड या PF अकाउंट छूटा तो नहीं है.
सर्विस हिस्ट्री में क्या दिखेगा
यह फीचर UAN से लिंक आपकी पूरी सर्विस हिस्ट्री एक जगह दिखाता है. इसमें पुराने और मौजूदा एम्प्लॉयर, जॉइनिंग और एग्जिट की डेट, EPF रिकॉर्ड और Employees' Pension Scheme यानी EPS से जुड़ी सर्विस डिटेल्स शामिल रहती हैं. इससे अलग-अलग नौकरी के रिकॉर्ड को एक साथ मिलाकर देखना आसान हो जाता है.
पुराना PF अकाउंट गुम है कैसे पता चलेगा?
अगर आपने कई बार नौकरी बदली है, तो इस फीचर से आप देख सकते हैं कि आपके सभी पुराने एम्प्लॉयर और सर्विस पीरियड UAN में दिख रहे हैं या नहीं. अगर कोई एम्प्लॉयर या सर्विस पीरियड गायब है, तो यह संकेत हो सकता है कि पुराना PF अकाउंट सही तरह UAN से लिंक नहीं हुआ. ऐसे में क्लेम डालने से पहले गलती पकड़ना आसान हो जाता है.
EPFO ऐप में सर्विस हिस्ट्री कैसे करें एक्सेस
1. UAN और पासवर्ड से EPFO यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर लॉग इन करें.
2. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP ऑथेंटिकेशन पूरा करें.
3. इसके बाद सर्विस हिस्ट्री सेक्शन खोलें.
4. अपनी सर्विस डिटेल्स देखें और जरूरत हो तो उन्हें डाउनलोड भी कर लें.
क्या-क्या जांचें
सर्विस हिस्ट्री में पुराना और मौजूदा एम्प्लॉयर, जॉइनिंग और एग्जिट डेट, EPF और EPS मेंबरशिप रिकॉर्ड जरूर मिलाकर देखें. साथ ही यह भी जांचें कि कोई सर्विस पीरियड गायब तो नहीं है और आपकी पर्सनल या सर्विस डिटेल्स में कोई गलती तो नहीं है. यही वे गड़बड़ियां हैं, जो बाद में अतिरिक्त कागजी काम और देरी की वजह बनती हैं.
रिकॉर्ड मिसिंग हो तो क्या करें
अगर पुराना एम्प्लॉयर या PF अकाउंट सर्विस हिस्ट्री में नहीं दिखता, तो पहले अपने पिछले एम्प्लॉयर से Member ID या पुराने UAN की पुष्टि करें. फिर एम्प्लॉयर से कहें कि वह EPFO एम्प्लॉयर पोर्टल के जरिए मिसिंग रिकॉर्ड अपडेट या रिट्रीव करे. जरूरत पड़ने पर आधार-बेस्ड E-PRAAPTI प्लेटफॉर्म से गुम हुए PF अकाउंट को ट्रेस करके मौजूदा UAN से लिंक कराया जा सकता है.
अगर आप नौकरीपेशा टैक्सपेयर हैं, तो यह फीचर आपके लिए सीधे काम का है. इससे आप PF विड्रॉल, ऑटोमैटिक PF ट्रांसफर, पेंशन एलिजिबिलिटी और तेजी से क्लेम सेटलमेंट से पहले अपने रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं. साथ ही पुराने एम्प्लॉयर के फिजिकल रिकॉर्ड पर निर्भरता भी कम होती है. आपके PF क्लेम, ट्रांसफर और पेंशन प्रोसेसिंग के दौरान पहले से की गई ऐसी जांच आपको बड़ी राहत दे सकती है.
आजतक बिजनेस डेस्क