कल से मई का महीना शुरू होने जा रहा है और इसकी शुरुआत कई बड़े फाइनेंशियल चेंज (Rule Change From 1st May) के साथ होने जा रही है. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर ऑनलाइन गेमिंग तक से जुड़े नियमों में बदलाव होने वाला है. इस बीच अगर आप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड (SBI Credit Card) इस्तेमाल करते हैं, तो बता दें कि इससे जुड़े नियमों में भी चेंज (Credit Card Rule Change) किया गया है.
एसबीआई कार्ड की वेबसाइट पर अपडेटेड जानकारी के मुताबिक, 1 मई 2026 से बकाया पेमेंट पर लागू चार्ज की लिमिट बदली जा रही है, तो वहीं सालाना फीस का नियम भी बदल जाएगा.
एनुअल चार्ज की लिमिट में बदलाव
1 मई 2026 की शुरुआत एसबीआई कार्ड होल्डर्स के लिए बदलाव के साथ होने वाली है. अगर आप SBI Credit Card यूजर हैं, तो फिर इन बदलावों के बारे में जान लेना आपके लिए जरूरी है. पहले बदलाव की बात करें, तो अपडेट ये सामने आया है कि ग्राहकों को अब पहले ज्यादा खर्च पर ही एनुअल फीस रिवर्स की सुविधा मिलेगी.
ये बदलाव एसबीआई बीपीसीएल क्रेडिट कार्ड (SBI BPCL Credit Card) के लिए लागू होगा. बैंक द्वारा इस संबंध में बीते 29 मार्च को नोटिस जारी किया था और इसके मुताबिक, मई महीने की पहली तारीख से इन कार्ड होल्डर्स को एनुअल फीस माफी एक लाख रुपये तक का वार्षिक खर्च करने पर मिलेगी.
गौरतलब है कि इस कार्ड पर ये फीस 499 रुपये है, जो अब तक 50,000 रुपये तक के खर्च पर भी दी जाती थी, लेकिन अब इसकी लिमिट को बढ़ाया जा रहा है. यानी ग्राहकों को 1 लाख रुपये से कम के खर्च पर इस फीस का पेमेंट करना होगा.
लेट पेमेंट की लिमिट में भी चेंज
SBI Cards ने न सिर्फ बीपीसीएल क्रेडिट कार्ड के लिए एनुअल फीस के नियम में बदलाव किया है. इसके साथ ही लेट पेमेंट फीस पर लगने वाले चार्ज के स्लैब में भी बदलाव किया है. sbicard.com पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, अब तक 500 रुपये तक के लेट पेमेंट पर कोई चार्ज नहीं लिया जाता था, जबकि 1 मई 2026 से ये छूट सिर्फ 100 रुपये तक सीमित कर दिया गया है. अब 100 रुपये से 500 रुपये के बकाया भुगतान पर 100 रुपये का लेट पेमेंट चार्ज देना होगा.
इसके अलावा 500 रुपये से 1000 रुपये के बकाया पर पहले के 400 रपये की जगह 500 रुपये का चार्ज लगेगा. जबकि इससे अधिक की बकाया राशि पर चार्ज का स्लैब पहले की तरह ही रखा गया है. जो 1000 से 10000 के बकाया पर 750 रुपये, 10000 से 25000 के बकाया पर 950 रुपये, 25000 से 50000 रुपये बकाया पर 1100 रुपये और 50000 से ज्यादा के बकाया पर 1300 रुपये है.
आजतक बिजनेस डेस्क