देश में बीते एक सप्ताह से हर रोज महंगाई का बम (Inflation Bomb In India) फूटने का सिलसिला जारी है. पेट्रोल-डीजल, सीएनजी के बाद दूध की कीमतें बढ़ीं, तो अब ब्रेड खाना भी महंगा हो गया है. ब्रेड बनाने वाली कंपनियों ने भी कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू करते हुए ग्राहकों को महंगाई का झटका देना शुरू कर दिया है. मुंबई में एक कंपनी ने ब्रेड के पैकेट की कीमत एक झटके में पांच रुपये तक बढ़ा दी गई है और आशंका है कि दूसरी कंपनियां भी प्राइस हाइक कर सकती हैं.
Modern ब्रेड ने बढ़ाए दाम
मुंबई में मॉडर्न ब्रेड ने अपने ग्राहकों पर महंगाई का अटैक किया है और ब्रेड की कीमत में तगड़ा इजाफा कर दिया है. कंपनी ने अपने बेसिक वेरिएंट की कीमतों में ये बढ़ोतरी की है. टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, Modern Bread की ओर से ये बढ़ोतरी बीते 16 मई से अपने अपने बेसिक वेरिएंट पर लागू कर दी गई है और आशंका जताई गई है कि ब्रिटानिया (Britannia) और विब्स (Wibs) से भी ऐसा ही कदम उठा सकती हैं.
अब ये हैं इस ब्रेड की नई कीमतें
| ब्रेड | पहले कीमत | अब कीमत |
| 400 ग्राम Sandwich ब्रेड | 40 रुपये | 45 रुपये |
| Whole wheat ब्रेड | 55 रुपये | 60 रुपये |
| Multigrain ब्रेड | 60 रुपये | 65 रुपये |
| Small Brown ब्रेड | 28 रुपये | 30 रुपये |
| White ब्रेड | 20 रुपये | 22 रुपये |
| Brown ब्रेड | 45 रुपये | 50 रुपये |
मुंबई में दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ने के कुछ दिन बाद ब्रेड की कीमतों में ये बढ़ोतरी की गई है. कंपनी ने इस Bread Price Hike के पीछे का कारण कच्चे माल की बढ़ती लागत, प्लास्टिक पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले सामान और ट्रांसपोर्टेशन खर्च के अलावा इंडियन करेंसी रुपये में लगातार आ रही कमजोरी को बताया है.
पैकेजिंग के माल का भारी आयात
गौरतलब है कि देश में पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक कच्चे माल का भारी मात्रा में आयात किया जाता है. रुपये के टूटने से ये आयात और भी महंगा हो गया है. दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल और सीएनजी की कीमतों में उछाल ने ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट में इजाफा किया है. तेल कंपनियों ने पांच दिन में ही दो बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का झटका दिया है. इससे डिलीवरी लागत भी बढ़ गई है.
बता दें कि बीते 14 मई से अमूल और मदर डेयरी दोनों कंपनियों ने अपने पैकेज्ड दूध की नई कीमतों को लागू किया था और दोनों ने ही कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी.
आजतक बिजनेस डेस्क