देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की लॉन्चिंग डेट सामने आ गई है. यह ट्रेन आईटी सिटी को मायानगरी से जोड़ेगी. जी हां, आप सही समझ रहे, बेंगलुरु से मुंबई के बीच ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. दोनों शहरों के बीच जल्द ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू हो सकती है. इस ट्रेन से बेंगलुरु से मुंबई का 1153 किलोमीटर का सफर 16 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है. फिलहाल इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों को करीब 22 से 24 घंटे या उससे ज्यादा समय लगता है.
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नई ट्रेन को 1 नवंबर से शुरू किए जाने की संभावना है. इस वंदे भारत स्लीपर का उद्घाटन सफर बेंगलुरु से शुरू होगा. भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से भी एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें बेंगलुरु और मुंबई के बीच 1 नवंबर से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सर्विस शुरू होने की बात कही गई है.
यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी 2026 में देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी. यह ट्रेन हावड़ा और गुवाहाटी के बीच चलती है और इस रूट पर यात्रा का समय 6 घंटे तक कम करने में मदद मिली है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मई में बेंगलुरु और मुंबई के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का ऐलान किया था.
किन स्टेशनों से होकर चलेगी ट्रेन?
रेलवे सूत्रों मुताबिक, बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस कलबुर्गी के रास्ते चलेगी. रास्ते में इसके प्रमुख ठहरावों में कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण शामिल होंगे. बेंगलुरु में ट्रेन का शुरुआती स्टेशन सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVB) और मुंबई में अंतिम स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) होगा. इस ट्रेन के शुरू होने से कर्नाटक, महाराष्ट्र और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. बेंगलुरु का रेलवे स्टेशन दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि मुंबई का CSMT मध्य रेलवे (CR) के अंतर्गत है.
16 कोच, 823 यात्रियों के सफर की क्षमता
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे. इनमें यात्रियों के लिए तीन तरह की स्लीपर श्रेणियां उपलब्ध होंगी. 3 टियर एसी: 11 कोच, 611 यात्रियों की क्षमता, 2 टियर एसी: 4 कोच, 188 यात्रियों की क्षमता और फर्स्ट एसी (1AC): 1 कोच, 24 यात्रियों की क्षमता. इस तरह ट्रेन में कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे. अलग-अलग श्रेणियों की सुविधा से यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के मुताबिक टिकट चुनने का विकल्प मिलेगा.
बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर का किराया
बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर के लिए अलग-अलग एसी कैटेगरी में अनुमानित किराया सामने आया है. इसके मुताबिक कैटरिंग के साथ एक तरफ का किराया एसी 3-टियर में करीब 2,300 रुपये, एसी 2-टियर में करीब 3,000 रुपये और एसी फर्स्ट क्लास में करीब 3,600 रुपये हो सकता है. ये अनुमानित किराया है और रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही वास्तविक किराये और अन्य शुल्क की जानकारी साफ होगी.
मुंबई से रात में बैठें, अगले दिन बेंगलुरु उतरें
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर की सर्विस सप्ताह में छह दिन हो सकती है. ट्रेन को इस तरह चलाने की योजना है कि यात्री रात में बेंगलुरु से सफर शुरू करें और अगले दिन दोपहर तक मुंबई पहुंच जाएं. प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन बेंगलुरु SMVT से रात 7:50 बजे खुलेगी और अगले दिन 11:55 बजे मुंबई CSMT स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन मुंबई CSMT स्टेशन से रात 8:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन 11:55 बजे बेंगलुरु के SMVT स्टेशन पहुंचेगी.
180 किमी प्रति घंटे तक की डिजाइन स्पीड
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है. इसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई गई है. हालांकि, वास्तविक परिचालन गति रूट और रेलवे की ओर से तय परिचालन व्यवस्था पर निर्भर करेगी. ट्रेन में बेहतर कुशनिंग वाली बर्थ दी गई हैं. वेस्टिब्यूल से जुड़े कोच और ऑटोमैटिक दरवाजे यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाएंगे. बेहतर सस्पेंशन और साउंडप्रूफ कोच से यात्रियों को आरामदायक सफर देने पर रेलवे ने जोर दिया है.
सेफ्टी और साफ-सफाई के लिए खास इंतजाम
नई ट्रेन में रेलवे की स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम दिया जाएगा. इसके अलावा, साफ-सफाई के लिए डिसइन्फेक्टेंट तकनीक, ड्राइवर के लिए आधुनिक नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियां भी शामिल होंगी. ट्रेन के बाहरी दरवाजे भी स्वचालित होंगे. बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन, टाइम टेबल, स्टॉपेज और किराये को लेकर रेलवे की ओर से दी गई जानकारी को ही आधिकारिक माना जाएगा. फिलहाल, रेलवे से जुड़ों आधिकारिक सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के हिसाब इस ट्रेन के 1 नवंबर 2026 से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.