बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन और उनकी मां सुभ्रा सेन ने मुंबई के गोरेगांव स्थित अपना आलीशान अपार्टमेंट किराए पर दिया है. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, इस अपार्टमेंट को तीन साल की अवधि के लिए कुल ₹73.76 लाख के रेंट पर लीज पर दिया गया है. रियल एस्टेट फर्म 'स्क्वायर यार्ड्स' की हालिया रिपोर्ट में इस हाई-प्रोफाइल रेंटल सौदे के दस्तावेजों का हवाला दिया गया है.
मुंबई के गोरेगांव स्थित वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बनी मशहूर 'ओबेरॉय एक्सक्विजिट' (Oberoi Exquisite) बिल्डिंग अब एक हाई-प्रोफाइल रेंटल डील की वजह से चर्चा में है. आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, अभिनेत्री सुष्मिता सेन और उनकी मां सुभ्रा सेन ने अपनी इस इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित 1,241 स्क्वायर फीट के अपार्टमेंट को तीन साल के लिए लीज पर दिया है.
यह भी पढ़ें: धारावी में 'गरीबी का बाजार', 2 घंटे बदहाली देखने के लिए 15000 देते हैं विदेशी
हर महीने मिलेगा ₹1.95 लाख का किराया
इस सौदे की खास बात यह है कि इसका किराया हर साल 5% की दर से बढ़ेगा. पहले साल के लिए मासिक किराया ₹1.95 लाख तय किया गया है, जो दूसरे साल में बढ़कर ₹2.04 लाख और अंतिम साल में ₹2.14 लाख प्रति माह हो जाएगा। इस पूरी अवधि के दौरान उन्हें कुल ₹73.76 लाख का रेंट मिलेगा.
इस अपार्टमेंट के साथ दो पार्किंग स्पेस भी किराएदार को दिए गए हैं. इस सौदे को पक्का करने के लिए ₹6 लाख का सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा किया गया है. इस ट्रांजैक्शन का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन 26 फरवरी, 2026 को पूरा हुआ, जिसके लिए ₹18,900 की स्टांप ड्यूटी और ₹1,000 की रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया गया है.
क्या है गोरेगांव की खासियत?
गोरेगांव अपनी बेहतरीन कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता है. यह इलाका वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH), एसवी रोड और वेस्टर्न लाइन उपनगरीय रेलवे के जरिए मुंबई के अन्य हिस्सों से सीधे जुड़ा हुआ है, साथ ही यहां से मुंबई मेट्रो तक भी बेहद आसान पहुंच है. अंधेरी, मलाड और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) जैसे प्रमुख बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स के करीब होने की वजह से यह कॉर्पोरेट अधिकारियों और उद्यमियों के लिए रहने के लिहाज से एक पसंदीदा और सुविधाजनक जगह बन गई है.
मुंबई में सितारों का अपनी प्रॉपर्टी किराए पर देना एक आम बात हो गई है. हाल के दिनों में अमिताभ बच्चन, सारा अली खान और कार्तिक आर्यन जैसे सितारों ने भी अपनी कमर्शियल या रेजिडेंशियल संपत्तियां मोटी रकम पर लीज पर दी हैं. सुष्मिता सेन का गोरेगांव वाला यह घर अब इसी लिस्ट में शामिल हो गया है.
यह भी पढ़ें: ईरान-इजरायल तनाव का दुबई रियल एस्टेट पर साया, गिर सकते हैं प्रॉपर्टी के दाम
aajtak.in