मुंबई की 5 सबसे ऊंची इमारतें, ₹50 करोड़ तक है एक फ्लैट की कीमत

क्या आप जानते हैं कि भारत की सबसे ऊंची और आलीशान इमारतें कहां हैं, सपनों की नगरी मुंबई में, जहां अब सिर्फ़ लोगों के अरमान ही नहीं, बल्कि इमारतें भी बादलों को चीरकर आसमान से बातें कर रही हैं. देश की तीन-चौथाई से ज़्यादा गगनचुंबी इमारतें अकेले इसी शहर की स्काईलाइन पर शान से खड़ी हैं.

Advertisement
पैलैस रॉयल से लोढ़ा तक, ये हैं मुंबई के टॉप 5 ऊंचे टावर्स (Photo-ITG) पैलैस रॉयल से लोढ़ा तक, ये हैं मुंबई के टॉप 5 ऊंचे टावर्स (Photo-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:31 PM IST

भारत में करीब 250 गगनचुंबी इमारतें हैं, जो या तो बनकर तैयार हो चुकी हैं या फिर उनका निर्माण चल रहा है, इनमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट की है, जिसके बाद हैदराबाद का नंबर आता है. ऊंची इमारतों के मामले में मुंबई एशिया के अग्रणी शहरों में शामिल है और भारत की 150 मीटर से अधिक ऊंची लगभग 77% इमारतें अकेले मुंबई में ही हैं.

Advertisement

शहर में पहले से ही ऐसे 100 से अधिक टावर मौजूद हैं, जिसके चलते आने वाले वर्षों में भी मुंबई के देश का सबसे बड़ा 'टॉलेस्ट-बिल्डिंग हब' बने रहने की उम्मीद है.

महाराष्ट्र सरकार ने साल 2025 में हाई-राइज इमारतों की ऊंचाई सीमा को 120 मीटर से बढ़ाकर 180 मीटर कर दिया था. 120 मीटर ऊंची संरचना में लगभग 40 मंजिलों को समाहित किया जा सकता है, जबकि 180 मीटर की इमारत में 50 से 60 मंजिलें आ सकती हैं. मुंबई में, बृहन्मुंबई नगर निगम (MCGM/BMC), जिसमें नगर आयुक्त और इसका बिल्डिंग प्रपोजल विभाग शामिल है, 180 मीटर तक के सभी प्रस्तावों को मंजूरी देता है. वहीं, 180 मीटर से अधिक ऊंची इमारतों के सभी प्रस्तावों को बीएमसी (BMC) की हाई-राइज बिल्डिंग कमेटी मंजूर करती है. 

यह भी पढ़ें: ITR AY 2026-27: दो घर और रेंट इनकम पर नए नियम लागू, रिटर्न भरने से पहले जानें ये बदलाव

Advertisement

'पैलैस रॉयल' सबसे ऊंचा 

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम वर्ली के 'पैलैस रॉयल' का है, जो वर्तमान में मुंबई का सबसे ऊंचा और पूरी तरह बनकर तैयार रेसिडेंशियल टावर है. 320 मीटर की ऊंचाई और 88 मंजिलों वाली इस गगनचुंबी इमारत में बेहद आलीशान 4 BHK, 5 BHK और पेंटहाउस फ्लैट्स शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2025 में मुंबई नगर निगम (BMC) से इस प्रोजेक्ट को आंशिक ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (OC) भी मिल चुका है. यहां फ्लैट्स की कीमतें साइज और फ्लोर के हिसाब से करीब ₹10 करोड़ से शुरू होकर ₹50 करोड़ के पार तक जाती हैं.

लोखंडवाला मिनर्वा (Minerva), महालक्ष्मी

महालक्ष्मी में स्थित 'लोखंडवाला मिनर्वा' मुंबई का दूसरा सबसे ऊंचा रेसिडेंशियल टावर है, जिसकी ऊंचाई 301 मीटर है और इसमें 91 मंजिलें हैं. मशहूर आर्किटेक्ट हाफिज कॉन्ट्रैक्टर द्वारा डिजाइन किए गए इस आलीशान प्रोजेक्ट में लग्जरी 3 BHK और 4 BHK अपार्टमेंट्स हैं, जिनकी कीमत आमतौर पर आकार और मंजिलों के आधार पर ₹10 करोड़ से ₹16 करोड़ से अधिक के बीच है.

यह भव्य टावर कुल 6.5 एकड़ में फैले स्लम रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का हिस्सा है. जहां 5 एकड़ में फैले 10 रिहैबिलिटेशन टावर्स स्थानीय लोगों को पक्के घर और सामुदायिक सुविधाएं दे रहे हैं, वहीं मिनर्वा बाकी बचे 1.5 एकड़ हिस्से में कमर्शियल सेल कंपोनेंट के रूप में शान से खड़ा है.

Advertisement

पीरामल अरन्या आरव (Piramal Aranya Arav), भायखला

यह लग्जरी टावर 83 मंजिलों के साथ 282.2 मीटर ऊंचा है. साल 2022 में बनकर तैयार हुए इस प्रोजेक्ट में प्रीमियम 2, 3 और 4-BHK अपार्टमेंट्स मिलते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फ्लैट के साइज, फ्लोर लेवल और खिड़कियों से दिखने वाले शानदार व्यूज के आधार पर यहां घरों की कीमत ₹5 करोड़ से शुरू होकर ₹20 करोड़ के पार तक जाती है.

लोढ़ा वर्ल्ड टावर (Lodha World Tower), लोअर परेल

चौथे नंबर पर लोअर परेल का मशहूर 'लोढ़ा वर्ल्ड टावर' है, जो 280.2 मीटर की ऊंचाई और 76 मंजिलों के साथ स्काईलाइन की शोभा बढ़ा रहा है, साल 2020 में रेडी हुए इस अल्ट्रा-लग्जरी टावर में 3, 4 और 5 BHK रेजिडेंस हैं. यहां फ्लैट्स की कीमत लगभग ₹9 करोड़ से शुरू होकर ऊपरी मंजिलों और बड़े साइज के लिए ₹40 करोड़ से अधिक तक है.

इसी परिसर में एक और टावर है लोढ़ा वर्ल्ड व्यू, जिसकी ऊंचाई 277.6 मीटर है और इसमें 73 मंजिलें हैं. 2020 में ही तैयार हुए इस प्रोजेक्ट में 3 BHK और 4 BHK अपार्टमेंट्स हैं, जिनकी कीमतें यूनिट के साइज के हिसाब से आमतौर पर ₹8 करोड़ से लेकर ₹25 करोड़ के बीच हैं.
 
25 साउथ (25 South), प्रभादेवी

Advertisement

इस लिस्ट को पूरा करता है प्रभादेवी में वाधवा ग्रुप का शानदार प्रोजेक्ट '25 साउथ'. 270 मीटर की ऊंचाई और 65 मंजिलों वाला यह आलीशान रेसिडेंशियल टावर साल 2021 में बनकर तैयार हुआ था. यहां आपको 3, 4 और 5-BHK के प्रीमियम घर मिलेंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लैट के साइज, फ्लोर और वहां से दिखने वाले खूबसूरत समंदर के नजारे के आधार पर यहां अपार्टमेंट्स की कीमत अमूमन ₹12 करोड़ से शुरू होकर ₹30 करोड़ से अधिक तक जाती है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »