नवरात्रि में मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार को झटका! रजिस्ट्रेशन 25% घटे, सरकार की कमाई भी कम

मुंबई में नवरात्रि के 9 दिनों में 4,680 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए, पिछले साल 6,238 घरों की हुई थी रजिस्ट्री. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से सरकार को मिलने वाला रेवेन्यू भी 15% घटकर 499 करोड़ रुपये रह गया.

Advertisement
मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार में नवरात्रि पर नरमी (Photo-Pexels) मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार में नवरात्रि पर नरमी (Photo-Pexels)

आदित्य के. राणा

  • नई दिल्ली ,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST

मुंबई में नवरात्रि के दौरान प्रॉपर्टी खरीदने की रफ्तार इस साल धीमी पड़ गई है. नवरात्रि 2026 के 9 दिनों में मुंबई में 4,680 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए, जबकि पिछले साल इसी दौरान 6,238 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुई थीं यानी सालाना आधार पर रजिस्ट्रेशन में 25% की गिरावट आई है. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से सरकार को मिलने वाला रेवेन्यू भी घटा है. रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल नवरात्रि के दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से 499 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला, जो पिछले साल के 587 करोड़ रुपये से 15% कम है.

Advertisement

महाराष्ट्र सरकार के रजिस्ट्रेशन और स्टाम्प विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में इस साल नवरात्रि के दौरान 4,680 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुईं. ये संख्या पिछले साल की 6,238 प्रॉपर्टी के मुकाबले 25% कम है. हालांकि, इस गिरावट को समझने के लिए ये जानना जरूरी है कि इस साल नवरात्रि में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के लिए कम दिन मिले. 2026 में नवरात्रि 9 दिन चली, लेकिन 2 रविवार होने की वजह से रजिस्ट्रेशन केवल 7 दिन हुए. 

वहीं, 2025 में नवरात्रि 10 दिन चली थी और रजिस्ट्रेशन के लिए 9 दिन मिले थे. ऐसे में कुल रजिस्ट्रेशन में 25% की गिरावट के मुकाबले रोजाना के औसत रजिस्ट्रेशन में सिर्फ 4% की कमी आई. इस साल हर रजिस्ट्रेशन वाले दिन औसतन 669 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुईं, जबकि पिछले साल ये आंकड़ा 693 था. पिछले साल नवरात्रि के दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में 20% की बढ़ोतरी हुई थी. रिपोर्ट में शामिल बरसों में ये सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन था.

Advertisement

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से सरकार की कमाई भी घटी

मुंबई में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन की संख्या के साथ सरकारी रेवेन्यू में भी गिरावट दर्ज की गई. नवरात्रि 2026 में रजिस्ट्रेशन से 499 करोड़ रुपये मिले, जबकि पिछले साल इसी दौरान 587 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया था. इस तरह रेवेन्यू में सालाना आधार पर 15% की गिरावट रही. रोजाना के औसत रेवेन्यू में भी कमी आई. नवरात्रि 2025 में हर दिन औसतन 59 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला था, जो इस साल घटकर 55 करोड़ रुपये रह गया यानी रोजाना के औसत रेवेन्यू में करीब 6% की गिरावट आई.

रेवेन्यू में कम गिरावट आई

नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिशिर बैजल के मुताबिक, पिछले साल के मजबूत प्रदर्शन के मुकाबले इस साल नवरात्रि के दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में नरमी आई है. हालांकि, रोजाना के रजिस्ट्रेशन के आंकड़े बाजार की गतिविधियों की ज्यादा संतुलित तस्वीर पेश करते हैं. उनके मुताबिक, 2026 में रोजाना के रजिस्ट्रेशन का स्तर 2024 के मुकाबले ऊपर रहा, जबकि प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन की संख्या के मुकाबले रेवेन्यू में कम गिरावट आई. 

इससे संकेत मिलता है कि त्योहार के दौरान गतिविधियों में सामान्य स्तर पर लौटने के बावजूद मुंबई के हाउसिंग मार्केट में खरीदारों की भागीदारी बनी हुई है. आने वाले समय में बाजार का प्रदर्शन इस बात पर निर्भर करेगा कि अलग-अलग कीमतों वाले घरों की डिमांड कैसी रहती है और हाउसिंग सप्लाई खरीदारों की पसंद से कितना मेल खाती है.

Advertisement

श्राद्ध के दौरान बढ़े प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन

नवरात्रि के मुकाबले श्राद्ध के दौरान मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार की तस्वीर कुछ अलग रही. आमतौर पर श्राद्ध को बड़ी खरीदारी के लिए कम शुभ माना जाता है और इस दौरान प्रॉपर्टी खरीदारी भी सुस्त रहने की उम्मीद होती है. लेकिन नाइट फ्रैंक इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल श्राद्ध के दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई.

26 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 के बीच मुंबई में 3,419 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुईं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 3,368 रजिस्ट्रेशन हुए थे. इस तरह रजिस्ट्रेशन में करीब 2% की बढ़ोतरी हुई. रोजाना के औसत रजिस्ट्रेशन भी 306 से बढ़कर 311 हो गए. हालांकि, इस दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से मिलने वाला रेवेन्यू 2025 के 265 करोड़ रुपये से घटकर 2026 में 255 करोड़ रुपये रह गया यानी सालाना आधार पर इसमें करीब 4% की गिरावट दर्ज की गई. रोजाना का औसत रेवेन्यू भी 24 करोड़ रुपये से घटकर 23 करोड़ रुपये रह गया.

यह भी पढ़ें: मुंबई में महंगी प्रॉपर्टी का नया हॉटस्पॉट बना अंधेरी वेस्ट, लग्जरी घरों की बढ़ी डिमांड

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »