लिमिटलेस डिलीवरी... अब 40 KM दूर तक के रेस्टोरेंट से मंगवाएं खाना, Zomato ने शुरू किया नया फीचर

जोमैटो यूजर्स के लिए अब पसंदीदा रेस्टोरेंट से खाना मंगाने के विकल्प बढ़ने वाले हैं. कंपनी ने लिमिटलेस डिलीवरी नाम से नया फीचर शुरू किया है, जिसके तहत एक ही शहर में 40 किलोमीटर दूर तक मौजूद चुनिंदा रेस्टोरेंट से भी ऑर्डर किया जा सकेगा. यह सुविधा फिलहाल दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु समेत सात शहरों में शुरू हुई है.

Advertisement
जोमैटो यूजर्स अब 40 किमी दूर तक के रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकते हैं. (File Photo) जोमैटो यूजर्स अब 40 किमी दूर तक के रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकते हैं. (File Photo)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:52 AM IST

खाना ऑर्डर करने के लिए अब आपको सिर्फ आसपास के रेस्टोरेंट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. जोमैटो (Zomato) ने लिमिटलेस डिलीवरी (Limitless Delivery) नाम से नया फीचर शुरू किया है. इसकी मदद से यूजर्स अपने ही शहर में 40 किलोमीटर तक दूर मौजूद चुनिंदा रेस्टोरेंट से भी खाना मंगा सकेंगे. यानी शहर के दूसरे हिस्से में मौजूद पसंदीदा रेस्टोरेंट से ऑर्डर करने का विकल्प भी मिलेगा. हालांकि, 40 किलोमीटर अधिकतम दूरी है और इस दायरे में आने वाले हर रेस्टोरेंट से डिलीवरी की सुविधा नहीं मिलेगी.

Advertisement

जोमैटो ने फिलहाल यह फीचर देश के सात शहरों में शुरू किया है. इनमें दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, पुणे और हैदराबाद शामिल हैं. कंपनी का मकसद ग्राहकों को ज्यादा रेस्टोरेंट और खाने के विकल्प उपलब्ध कराना है. जोमैटो के फूड एंड डिलीवरी बिजनेस के सीईओ आदित्य मंगला के मुताबिक, इस पहल से ग्राहक दूर मौजूद अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट से भी खाना मंगाने का विकल्प तलाश सकेंगे.

कैसे इस्तेमाल करेंगे लिमिटलेस डिलीवरी?

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए जोमैटो ऐप के होमपेज पर जाएं. यहां 'एक्सप्लोर मोर' (Explore More) सेक्शन में लिमिटलेस डिलीवरी का अलग शॉर्टकट मिलेगा. इस पर टैप करते ही लंबी दूरी के ऑर्डर स्वीकार करने वाले रेस्टोरेंट की लिस्ट दिखाई देगी. इसमें से अपनी पसंद का रेस्टोरेंट चुनकर ऑर्डर किया जा सकता है.

सीधे रेस्टोरेंट सर्च करने का भी विकल्प

Advertisement

अगर आप किसी खास रेस्टोरेंट से खाना मंगाना चाहते हैं, तो उसे ऐप पर सीधे सर्च कर सकते हैं. इससे पता चल जाएगा कि वह आपके डिलीवरी एड्रेस पर खाना पहुंचाता है या नहीं. सर्च में दिखने वाले विकल्प आपकी लोकेशन और वहां उपलब्ध डिलीवरी सर्विस पर निर्भर करेंगे.

किन बातों पर निर्भर करेगी डिलीवरी?

लिमिटलेस डिलीवरी से यूजर्स को अपने इलाके से बाहर के रेस्टोरेंट तक पहुंचने का मौका मिलेगा. यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें आसपास अपनी पसंद का खाना या कोई खास कुजीन नहीं मिलता. हालांकि, किसी दूर के रेस्टोरेंट से ऑर्डर मिलना कई बातों पर निर्भर करेगा. संबंधित रेस्टोरेंट को लंबी दूरी के ऑर्डर स्वीकार करने होंगे, आपका पता उसके डिलीवरी एरिया में होना चाहिए और उस समय डिलीवरी पार्टनर भी उपलब्ध होने चाहिए.

डिलीवरी चार्ज और टाइमिंग पर स्थिति साफ नहीं

जोमैटो ने अभी यह नहीं बताया है कि लिमिटलेस डिलीवरी के तहत ऑर्डर करने पर अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज देना होगा या नहीं. लंबी दूरी के ऑर्डर पहुंचने में कितना समय लगेगा, इस बारे में भी कंपनी ने अलग से जानकारी नहीं दी है. इसलिए ऑर्डर करने से पहले ऐप पर दिखने वाले डिलीवरी चार्ज और अनुमानित डिलीवरी टाइम को जरूर चेक करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »