भारतीय शेयर बाजार में गजब की तेजी आई है. गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1671 अंक या 2.15 फीसदी चढ़कर 78960 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 471 अंक या 2 फीसदी चढ़कर 24434 पर पहुंच गया. बैंक निफ्टी में 1500 अंकों की तेजी आई है.
इस तेजी के कारण भारतीय बाजार ने फिर से 5 ट्रिलियन डॉलर का मुकाम हासिल कर लिया है. मार्केट में लगातार 6 दिनों की तेजी के बाद BSE मार्केट कैप 5 ट्रिलियन के पार पहुंचा है. बुधवार को भारतीय बजाार का BSE MCap 4,94,42,140.62 करोड़ रुपये था, जो आज करीब 7 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 5,01,13,896.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी ने भी भारतीय बाजार का मूड बदला है. लगातार 5 कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने करीब 21 लाख करोड़ रुपये के शेयरों की नेट खरीदारी की है, वहीं बुधवार और गुरुवार को भी करीब 7-7 लाख करोड़ रुपये की खरीदारी हुई है.
इन शेयरों का कमाल
BSE सेंसेक्स के टॉप 30 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी आई है और 7 शेयरों में गिरावट आई है. बजाज फाइनेंस का शेयर 7 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है और इंडिगो के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. इसके अलावा, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अन्य शेयरों में भी 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है.
सभी इंडेक्स में हरियाली
ऑटो सेक्टर में 3.82 फीसदी की तेजी आई है. एफएमसीजी, निफ्टी आईटी, मेटल, फार्मा, प्राइवेट बैंक, रियल्टी और अन्य सेक्टर में शानदार तेजी रही. सिर्फ मीडिया और केमिकल्स के शेयरों में गिरावट देखने को मिली.
शेयर बाजार में क्यों आई तेजी?
अक्टूबर के निचले स्तर से छह कारोबारी दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी में 8-8% से अधिक की तेजी आई है. इस तेजी को, कंपनियों के शानदार नतीजे, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव नतीजे और कच्चे तेल के दाम में गिरावट ने सपोर्ट दिया है. विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी ने इस माहौल को और मजबूत किया, जिन्होंने लगातार चार कारोबारी दिनों में ₹20,834.06 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की, जिसमें से सबसे अधिक यानी ₹7,284.03 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी 4 नवंबर को हुई है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें. )
आजतक बिजनेस डेस्क