मशहूर किताब 'रिच डैड पुअर डैड' (Rich Dad Poor Dad) के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन ग्लोबल हालातों का जिक्र करते हुए लोगों को निवेश के टिप्स देते रहते हैं. अब उनका नया पोस्ट ट्विटर (अब X) पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने फिर से सबसे बड़े क्रैश की चेतावनी (Robert Kiyosaki Biggest Crash Warning) दी है. ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्होंने लोगों को अलर्ट किया है, बल्कि वे अक्सर इसे दोहराते नजर आते हैं. अपनी नई पोस्ट में भी उन्होंने आने वाले इकोनॉमिक क्रैश को अमीर बनने का जरिया बताया है.
कियोसाकी के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट पर नजर डालें, तो आने वाले क्रैश से बचने के लिए उन्होंने लोगों से सोना-चांदी में निवेश की अपील की है और इनकी कीमतों को लेकर बड़ा टागरेट दिया है. किसी भी आपदा या विपरीत परिस्थिति में हमेशा से सोना-चांदी को सेफ हेवल के तौर पर जाना जाता है और उन्होंने आगे भी इसी को सहारा बताया है.
क्रैश आ रहा, ₹95 लाख तक जाएगा Gold
Robert Kiyosaki द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर किए गए इस पोस्ट को देखें, तो उन्होंने इसमें अलर्ट करते हुए लिखा है कि, 'बड़ा क्रैश आने वाला है.' इसके साथ ही उन्होंने आगे जिम रिचर्ड्स के अनुमान का जिक्र करते हुए लिखा कि सोने की कीमत (Gold Rate) आने वाले समय में 100,000 डॉलर (करीब 95 लाख रुपये से ज्यादा) तक पहुंच जाएगी, जबकि फिलहाल ये 4,500 डॉलर (करीब 4.30 लाख रुपये) प्रति औंस है. गौरतलब है कि 1 औंस में करीब 28 ग्राम सोना होता है.
चांदी पहुंचेगी $200 के हाई पर!
रॉबर्ट कियोसाकी ने न सिर्फ सोने पर, बल्कि चांदी को लेकर भी नया टागरेट दिया है. उन्होंने लिखा, 'मुझे लगता है कि चांदी की कीमत (Silver Price) 200 पर पहुंच जाएगी. आज भले ही सिल्वर प्राइस 75 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है, लेकिन ये जल्द हाई पर होगी.' इसके साथ ही रिच डैड पुअर डैड के लेखक ने लोगों से पूछा, 'आपको क्या लगता है?'
सिर्फ सोना-चांदी (Gold-Silver) ही नहीं, बल्कि रॉबर्ट कियोसाकी की निवेश सलाह में क्रिप्टो एसेट्स भी शामिल रहते हैं और वे खासकर बिटक्वाइन और एथेरियम में पैसे लगाने के टिप्स देते हैं.
क्रैश में भी बन सकते हैं अमीर
कियोसाकी लंबे समय से सोना और खासतौर पर चांदी का अमीर बनने का जरिया बताते रहे हैं और अब इसकी कीमत में तगड़े उछाल का अनुमान जाहिर कर रहे हैं. उन्होंने इस वायरल पोस्ट (Viral Post) में भी कुछ ऐसा ही कहा है. उन्होंने लिखा, 'सबसे अच्छे निवेशक भविष्य को देख पाते हैं और उसके अनुसार ही अपने कदम उठाते हैं. याद रखें, इस क्रैश का शिकार बनना आपके लिए जरूरी बिल्कुल भी नहीं है, बल्कि आप और भी अमीर बन सकते हैं. अपना ध्यान रखें.'
आजतक बिजनेस डेस्क