भारत का जीएसटी कलेक्शन लगातार बढ़ता जा रहा है और हर महीने इसमें तेज उछाल आ रहा है. ग्रॉस गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स संग्रह (GST Collection) के अक्टूबर महीने के आंकड़े आ गए हैं और सालाना आधार पर इसमें 22.9% की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बीते महीने इसके जरिए पीएम मोदी सरकार के खजाने में 2,31,290 करोड़ रुपये आए हैं. सरकार की ओर से ये डेटा जारी करने के साथ ही इसमें आए उछाल के पीछे के कारणों के बारे में भी बताया गया है.
पिछले साल से अक्टूबर में इतना ज्यादा
गौरतलब है कि बीते साल की समान अवधि यानी अक्टूबर 2025 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1,88,125 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था. यानी इस साल इसी महीने में ये 43,165 करोड़ रुपये ज्यादा रहा है. October GST Collection के दौरान, ग्रॉस डोमेस्टिक रेवेन्यू अक्टूबर की समान अविध के 1,37,328 करोड़ रुपये से 15.8% बढ़कर 1,59,044 करोड़ रुपये रहा.
इस बीच, आयात से रेवेन्यू 42.2% बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गया, जो कि पिछले साल इसी महीने यह 50,796 करोड़ रुपये था. बीते महीने के लिए ग्रॉस GST कलेक्शन के हिस्सों का डिटेल्ड ब्रेकडाउन देखें, तो...
| कैटेगरी | अक्टूबर 2026 में | अक्टूबर 2025 में |
| सेंट्रल जीएसटी (CGST) | ₹42,935 करोड़ | ₹36,547 करोड़ |
| स्टेट जीएसटी (SGST) | ₹51,340 करोड़ | ₹45,134 करोड़ |
| इंटीग्रेटेड जीएसटी (IGST) | ₹1,37,015 करोड़ | ₹1,06,443 करोड़ |
बता दें कि इंटीग्रेटेड जीएसटी में घरेलू लेनदेन से 64,769 करोड़ रुपये और इंपोर्ट से 72,246 करोड़ रुपये का कलेक्शन शामिल है. इसके अलावा अप्रैल-अक्टूबर 2026 फाइनेंशियल पीरियड के लिए, कुल ग्रॉस CGST ₹2,85,858 करोड़ तक पहुंच गया, SGST ₹3,42,491 करोड़ रहा, और IGST कुल ₹8,49,220 करोड़ रहा.
रिफंड और नेट रेवेन्यू ग्रोथ
अक्टूबर 2026 के दौरान बांटे गए कुल रिफंड, साल-दर-साल 6.5% बढ़कर ₹27,934 करोड़ हो गए, जो बीते अक्टूबर 2025 में ₹26,225 करोड़ थे. इसमें ₹14,007 करोड़ के घरेलू रिफंड और ₹13,927 करोड़ के इंपोर्ट/ICEGATE एक्सपोर्ट रिफंड शामिल थे.
कुल जीएसटी रिफंड को एडजस्ट करने के बाद अक्टूबर 2026 के लिए नेट GST रेवेन्यू 25.6% बढ़कर ₹2,03,356 करोड़ हो गया, जो अक्टूबर 2025 में ₹1,61,900 करोड़ था. अप्रैल-अक्टूबर 2026 के समय के लिए, कुल नेट GST रेवेन्यू ₹12,69,486 करोड़ रहा, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर के इसी सात महीनों में इकट्ठा हुए ₹11,27,355 करोड़ से 12.6% अधिक है.
7 महीने में इतना कलेक्शन, वजह भी जानें
चालू फाइनेंशियल ईयर (अप्रैल-अक्टूबर 2026) के पहले सात महीनों में कुल ग्रॉस GST कलेक्शन ₹14,77,569 करोड़ रहा, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर के इसी समय में दर्ज ₹13,05,213 करोड़ से 13.2% ज्यादा है. वित्त मंत्रालय की ओर से ये आधिकारिक डेटा शेयर करते हुए बताया गया है कि Bumper GST Collection घरेलू रेवेन्यू और इंपोर्ट से होने वाले कलेक्शन दोनों में मजबूत तेजी की वजह से हुआ.
आजतक बिजनेस डेस्क