नहीं सुधरा FPI का मूड... 62000Cr रुपये निकाले, आखिर कब होगी वापसी?

FPI Outflow In June: शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी नहीं हो पा रही और उनकी बिकवाली का सिलसिला लगातार तेज हो रहा है. जून महीने में अब तक FPIs ने 62 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा निकाले हैं.

Advertisement
विदेशी निवेशकों की निकासी का सिलसिला जारी. (Photo: Reuters) विदेशी निवेशकों की निकासी का सिलसिला जारी. (Photo: Reuters)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:53 PM IST

शेयर बाजार में भले ही बीते सप्ताह तूफानी तेजी का माहौल देखने को मिला, लेकिन इसके बाद भी विदेशी निवेशकों का मूड है कि सुधरने का नाम ही नहीं ले रहा है. एफपीआई (FPI) की बिकवाली का सिलसिला लगातार जारी है. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जून महीने के पहले पखवाड़े में ही अब तक इन निवेशकों ने भारतीय बाजार से 62,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली है. 

Advertisement

2026 में अब तक इतनी बिकवाली
डिपॉजिटरी के आंकड़ों पर नजर डालें, तो साल 2026 विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की बिकवाली के नाम होता जा रहा है. जनवरी महीने से अब तक 2.87 लाख करोड़ रुपये की निकासी एफपीआई द्वारा की गई है, जो इससे पिछले साल की समान अवधि के 1.66 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है. 

फरवरी को छोड़ हर महीने निकाले पैसे
इस साल सिर्फ फरवरी का महीना ही ऐसा था, जब निवेशकों की वापसी देखने को मिली थी, इसके अलावा हर महीने उन्होंने भारतीय बाजार से बिकवाली की है. फरवरी महीने में 22,615 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था. 

महीना  एफपीआई की बिकवाली (करोड़ रुपये में)
जनवरी 35,962 करोड़ रुपये
मार्च 1.17 लाख करोड़ रुपये
अप्रैल 60,847 करोड़ रुपये
मई 32,963 करोड़ रुपये
जून (दो हफ्ते)  62,853 करोड़ रुपये

पीटीआई की रिपोर्ट में एक्सपर्ट्स के हवाले से कहा गया है कि विदेशी निवेशकों का मूड खराब होने के पीछे जियो पॉलिटिकल टेंशन के अलावा भी कई बड़े कारण हैं. उनका कहना है कि अन्य उभरते बाजारों के मुकाबले भारतीय शेयर मार्केट में वैल्यूएशन ज्यादा है, जिससे एफपीआई सकर्त हैं. इसके अलावा रुपये में गिरावट से भी उनका सेंटीमेंट बिगड़ा है. 

Advertisement

शेयर बाजार के दोनों इंडेक्स बढ़त में
अगर बीते सप्ताह शेयर बाजार की चाल की बात करें, तो सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स बढ़त में रहे. इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (BSE Sensex) 1,285 अंक की बढ़त में रहा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) 256 अंकों की तेजी में रहा. 

Share Market में इस तेजी के बीच निवेशकों ने भी तगड़ी कमाई की और इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीएसई सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में शामिल आठ की मार्केट वैल्यू में कुल मिलाकर 1.90 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. बाजार में लौटी ये तेजी भी विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का मूड सुधारने में नाकामयाब रही. 

(नोट- शेयर बाजार में किसी भी निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »