एलोन मस्क ने बीते जून महीने में इतिहास रचते हुए दुनिया के पहले ट्रिलेनियर (World's First Trillionaire) का तमगा हासिल किया था और इसके पीछे उनकी कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के मार्केट डेब्यू का बड़ा रोल रहा, जिसकी अमेरिकी मार्केट में बंपर लिस्टिंग हुई थी. लेकिन, लिस्ट होने के बाद से ही स्पेसएक्स के शेयर में धड़ाधड़ गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो अब तक जारी है और इसकी कीमत लिस्टिंग प्राइस से करीब आधे दाम पर आ गया है.
SpaceX Share में इस बड़ी गिरावट का सीधा असर एलोन मस्क की नेटवर्थ पर भी पड़ा और महज महीनेभर में ही उनकी संपत्ति में से भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी की कुल दौलत से चार गुना साफ हो गई.
$1.1 ट्रिलियन से यहां पहुंची नेटवर्थ
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स पर दुनिया के टॉप अरबपतियों की नेटवर्थ में आए बदलाव पर नजर डालें, तो एलोन मस्क की संपत्ति बीते 24 घंटे में 40.7 अरब डॉलर की गिरावट के साथ कम होकर अब 792 अरब डॉलर रह गई है. बीते जून महीने में स्पेसएक्स के शेयरों का मार्केट डेब्यू होने के साथ ही उनकी दौलत 1.1 ट्रिलियन डॉलर के आसपास पहुंच गई थी. यहां से उनकी संपत्ति करीब 308 अरब डॉलर तक कम हो गई है.
अंबानी से 4 गुना संपत्ति महीनेभर में साफ
Elon Musk Networth में महीनेभर में जितनी गिरावट आई है, वो भारतीय अरबपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति से करीब चार गुना है. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, Mukesh Ambani Networth बीते 24 घंटे में 2 अरब डॉलर से ज्यादा की उछाल के साथ करीब 86 अरब डॉलर है.
इतना रह गया स्पेसएक्स शेयर का दाम
एलोन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के शेयर में लिस्टिंग के एक दिन बाद से ही तेज गिरावट देखने को मिली थी और ये 17 फीसदी तक फिसल गया था, उस समय आई गिरावट के चलते एलोन मस्क की संपत्ति एक झटके में 1 ट्रिलियन डॉलर से नीचे आ गई थी.
वहीं अब तक स्पेसएक्स स्टॉक की कीमत इसके हाई करीब 226 डॉलर की तुलना में कम होकर 119 डॉलर रह गई है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन बीते 16 जून के पीक से करीब 1 ट्रिलियन डॉलर तक घट चुकी है.
गौरतलब है कि स्पेसएक्स की लिस्टिंग के बाद अचानक आई गिरावट के चलते Elon Musk Wealth में 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचने के दो दिनों बाद ही करीब 257 अरब डॉलर घट गई थी और इसके बाद इस शेयर में आए उतार-चढ़ाव के बाद महीने में नेटवर्थ में गिरावट का आंकड़ा 300 डॉलर पार कर चुका है.
आजतक बिजनेस डेस्क