दिवाली (Diwali) के दिन वैसे तो हर जगह छुट्टी रहती है, शेयर बाजार भी क्लोज रहता है, लेकिन इसे एक घंटे के लिए खासतौर पर खोला जाता है. इस दौरान मार्केट के दोनों इंडेक्स में ट्रेडिंग (Sensex-Nifty Trading) भी होती है, जिसे मुहूर्त ट्रेडिंग (Muhurat Trading) कहते हैं. इस बार खास बात ये है कि Diwali रविवार के दिन पड़ रही है और साप्ताहिक अवकाश वाले दिन भी Share Market ओपन रहेगा, इस खास मौके के लिए. बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग नई नहीं है, बल्कि ये परंपरा 1957 से चली आ रही है.
पहली बार कब हुई थी मुहूर्त ट्रेडिंग?
शेयर बाजार में दिवाली के दिन एक घंटे के लिए इस खास मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा दशकों पुरानी है. Mururat Trading का चलन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में साल 1957 से चला आ रहा है. वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी इंडेक्स में इसकी शुरुआत 1992 से हुई थी और तब से निरंतर जारी है.
इस दिन शेयरों की खरीदारी को शुभ माना जाता है और खासतौर पर पहली बार शेयर बाजार में एंट्री करने वाले निवेशकों के लिए ये खास दिन होता है. एक्सपर्ट्स भी इस बात को मानते हैं कि मुहूर्त ट्रेडिंग पूरी तरह परंपरा से जुड़ी है और ज्यादातर निवेशक इस दिन शेयर खरीदते हैं. हालांकि, आमतौर पर ये निवेश काफी छोटे और प्रतीकात्मक होते हैं.
दिवाली से जुड़ी है ये परंपरा
'मुहूर्त' शब्द का अर्थ शुभ से लगाया जाता है और भारत में रोशनी के पर्व दिवाली से में लक्ष्मी पूजन के साथ किसी भी काम की शुरुआत अच्छी मानी जाती है. ऐसी मान्यता है कि मुहूर्त ट्रेडिंग पर की गई खरीदारी (Stock Buying On Muhurat Trading) से समृद्धि आती है और पूरे साल निवेशकों पर धन बरसता है. दिवाली पर यह ट्रेडिंग इक्विटी, इक्विटी फ्यूचर एंड ऑप्शन, करेंसी एंड कमोडिटी मार्केट, तीनों में होती है.
इस बार कितने बजे होगी खास ट्रेडिंग?
8 नवंबर को दिवाली है और इस दिन होने वाली मुहूर्त ट्रेडिंग की टाइमिंग से जुड़ी हर एक डिटेल पहले ही बीएसई और एनएसई द्वारा जारी कर दी गई है. रविवार के दिन पड़ रही दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग 2026 के प्री-ओपनिंग सेशन की शुरुआत दोपहर 2:05 बजे से होगी और 2:20 बजे तक चलेगी. इसके बाद इक्विटी ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से शुरू होकर 3:30 बजे तक बीएसई और एनएसई पर होगी.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क