'महिलाओं के साथ NDA ने किया विश्वासघात', तेजस्वी यादव ने घेरा, श्रेयसी सिंह का पलटवार

बिहार में महिला कल्याण को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. तेजस्वी ने महिलाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया है. वहीं, पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह ने विपक्ष की आलोचना की है.

Advertisement
तेजस्वी यादव ने वित्तीय हालत पर भी जताई चिंता (Photo: ITG) तेजस्वी यादव ने वित्तीय हालत पर भी जताई चिंता (Photo: ITG)

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 28 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:55 PM IST

बिहार में महिलाओं के कल्याण का मुद्दा राजनीतिक टकराव का मंच बन गया है. बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं. तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर महिलाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया है. वहीं, श्रेयसी ने तेजस्वी के आरोप खारिज करते हुए दावा किया है कि सरकार की ठोस नीतियों ने महिलाओं को सशक्त बनाया है

Advertisement

तेजस्वी यादव ने कड़े शब्दों में कहा कि एनडीए सरकार ने झूठे वादों के जरिए महिलाओं को गुमराह कर और उनकी भावनाओं का चुनावी फायदा उठाकर उनके साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं और जीविका दीदियों के बैंक खातों में पैसे डाले गए, ताकि वोटरों को प्रभावित किया जा सके और उन्हें धमकाया गया कि उनके वोट पर नजर रखी जा रही है. अगर उन्होंने किसी खास पार्टी को वोट नहीं दिया, तो पैसे वापस लिए जा सकते हैं.

उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का वादा किया गया था, लेकिन छह महीने बाद भी न तो सभी लाभार्थियों को पहली किस्त मिली है और न ही दूसरी किस्त जारी की गई है. तेजस्वी यादव ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जाहिर की और कहा कि खजाना लगभग खाली है. उन्होंने कहा कि चुनावी फायदे के लिए करीब 41 हजार करोड़ रुपये के खर्च ने बिहार को कठिन आर्थिक हालात में डाल दिया है.

Advertisement

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी के आरोप पर पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी. श्रेयसी ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया है. जो लोग पहले सत्ता में थे, वे महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक भी कदम नहीं गिना सकते. उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में महिलाएं न केवल अधिक सुरक्षित हैं, बल्कि शासन और कानून-व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी भी निभा रही हैं.

उन्होंने स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस बल में 35 प्रतिशत आरक्षण और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने जैसे कदम गिनाए और कहा कि पूरे प्रदेश में महिलाओं के लिए नए अवसर उत्पन्न हुए हैं. श्रेयसी सिंह ने यह भी कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह भ्रामक जानकारी फैलाकर राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने विपक्ष की आलोचना की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement