बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग NH-28 को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की. प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
जानकारी के मुताबिक, NH-28 पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.
यह भी पढ़ें: 1.84 लाख यात्री पकड़े, 13 करोड़ वसूले और... समस्तीपुर रेलमंडल का बड़ा टिकट चेकिंग अभियान
यह घटना ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी गांव की है. मृतक की पहचान कुशेश्वर राय के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
जमीन बिक्री के रुपये लेकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार कुशेश्वर राय ने कुछ दिन पहले अपनी जमीन बेची थी. खरीदार ने पूरी रकम का भुगतान नहीं किया था. बुधवार को उन्हें बकाया दो लाख रुपये मिले थे और वह रकम लेकर अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे.
परिजनों का कहना है कि घटनास्थल से रुपये वाला बैग गायब था. उनका आरोप है कि पहले कुशेश्वर राय के साथ मारपीट की गई और उसके बाद उन्हें जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की गई. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
हत्या के बाद हाईवे पर उग्र प्रदर्शन
घटना से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर समस्तीपुर-पटना-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग NH-28 को जाम कर दिया. प्रदर्शन के दौरान टायर जलाकर आगजनी की गई, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. सभी लोग एक स्वर में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. पुलिस ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर डटे रहे.
बाद में पुलिस के वरीय अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात दोबारा शुरू हो सका.
पुलिस ने शुरू की जांच
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. मामले में हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी खंगाल रही है. साथ ही रुपये गायब होने के पहलू को भी गंभीरता से जांच में शामिल किया गया है.
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जहांगीर आलम