बिहार के नालंदा से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. यहां प्यार, वादा और फिर उस वादे से मुकरने की एक ऐसी दास्तां, जिसका अंत बेहद खौफनाक रहा. राजगीर में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर बाइक से करीब 100 मीटर तक घसीटा. कसूर सिर्फ इतना था कि 5 साल से साथ रही युवती अपने हक के लिए शादी की बात कह रही थी.
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक बाइक रफ्तार में दौड़ रहा है और एक युवती बाइक पकड़े हुए जमीन पर घिसटती जा रही है. करीब 100 मीटर तक युवती चीखती रही, गुहार लगाती रही, लेकिन बेदर्द प्रेमी का दिल नहीं पसीजा. आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर तैनात है.
भीड़ जमा हुई तो आरोपी ने प्रेमिका को पत्नी बता डाला
दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. चार-पांच दिन पहले जब आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा, तो युवती ने शादी का दबाव बनाया. बस यही बात 'साहब' को नागवार गुजरी. बहस बढ़ी, तो आरोपी ने बाइक स्टार्ट की और भागने लगा. वहीं युवती ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने रफ्तार कम करने के बजाय बाइक भगा दी और युवती को सड़क पर घसीटता रहा. इसी बीच बाइक सड़क पर असंतुलित होकर और गिर गई.
इसके बाद भी नोक झोक हुआ और भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई भी की. पकड़े जाने पर शातिर प्रेमी ने लोगों को गुमराह करने के लिए इसे 'घरेलू झगड़ा' और युवती को अपनी 'पत्नी' तक बता डाला. राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार के मुताबिक मामला शादी के विवाद से जुड़ा है. पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी सरकारी पद (अमीन) पर तैनात है. युवती ने अब नवादा के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है. मामले में जांच जारी है.
रंजीत कुमार सिंह