बिहार के चर्चित कोचिंग विवाद से जुड़े रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिलने के बाद अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सहरसा पहुंचे. अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने भाई की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
सहरसा पहुंचते ही रौशन आनंद भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि उनके भाई की मौत सामान्य घटना नहीं है और उन्हें इस पूरे मामले में साजिश की आशंका है. रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि उनके भाई की मौत की गहन जांच होनी चाहिए और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाया जाना चाहिए. उन्होंने सीधे फैजल खान उर्फ खान सर के नाम लेते हुए कहा कि उसने ही मेरे भाई की हत्या कराई है, उसका नार्को टेस्ट होना चाहिए.
दर्द में बिलखती प्रिंस यादव की मां
जहां रौशन आनंद भाई के दर्द में मीडिया के आगे फफक पड़े. वहीं उनके घर पर एक बेटे को खो चुकी मां की हालत भी बदतर हो गई. एक बेटे को जेल जाने और दूसरे की मौत के दर्द में बिलखती रौशन आनंद की मां ने कहा- मैंने दिन में प्रिंस से बात की थी लेकिन शाम होते उसके साथ के लोग फोन उठाकर बोले- वो सो रहा है.प्रिंस यादव की मां बेटे को याद कर बार-बार बेसुध होती नजर आईं.
'फोन किया तो बोला- प्रिंस सो रहा है'
उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन उनकी अपने बेटे से बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह सामान्य था. मां का कहना है कि बाद में जब उन्होंने दोबारा फोन किया तो किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि प्रिंस सो रहा है. इसके बाद जो खबर मिली उसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.प्रिंस की मां ने यह भी दावा किया कि उनके बेटे को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और न ही वह किसी तरह का नशा करता था. जो भी बात कही जा रही है वह झूठ है. क्या दुश्मनी थी जो मेरे बच्चे को मार दिया. फिलहाल प्रिंस यादव की मौत को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं जारी हैं. दूसरी ओर पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं.
aajtak.in