चार दिन कमरे में बंद, फिर मिली लाश! मोतिहारी में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के फुलवार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. महिला का शव ससुराल के घर में मिला, जबकि ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं. मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Advertisement
संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप.(Photo: Sachin Panday/ITG) संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप.(Photo: Sachin Panday/ITG)

सचिन पांडेय

  • मोतिहारी,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:00 PM IST

बिहार के मोतिहारी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. मामला पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नंबर-1 स्थित फुलवार गांव का है.

बताया जा रहा है कि बबलू पुरी की पत्नी सुमन देवी की मौत उसके ससुराल स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई. घर के अंदर महिला का शव मिलने के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मृतका की शादी वर्ष 2021 में बबलू पुरी के साथ हुई थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार, लापरवाही और पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो... मोतिहारी सड़क हादसे में दूल्हे के चाचा समेत 3 की मौत

शव मिलने के बाद ससुराल पक्ष फरार

घटना की सूचना जैसे ही मृतका के मायके पक्ष को मिली, उनके परिवार में कोहराम मच गया. परिजन रोते-बिलखते सुमन के ससुराल पहुंचे, जहां घर में सुमन का शव पड़ा हुआ था, जबकि ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे.

मृतका के परिजनों ने सुमन की हत्या का आरोप उसके पति और ससुराल वालों पर लगाया. आरोप लगाते हुए परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा भी किया. उनका कहना है कि सुमन की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या है.

दहेज को लेकर हत्या का आरोप

मृतका की मां कमल देवी ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि सुमन के ससुराल वाले लगातार उससे रुपये और अन्य सामान की मांग करते थे और इसी बात को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.

Advertisement

कमल देवी का कहना है कि पहले भी सुमन के साथ मारपीट कर उसकी गर्दन दबाने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें करीब एक लाख रुपये खर्च करने पड़े थे.

चार दिन से कमरे में बंद रखने का आरोप

मृतका की मां ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से चार दिन पहले सुमन को उसके पति और सास ने एक कमरे में बंद कर दिया था. इस दौरान उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी और वह मायके आने की गुहार लगा रही थी.

परिजनों का कहना है कि सुमन उसी दिन अपने मायके आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई. उनका आरोप है कि सुमन के पति और सास ने उसकी गर्दन दबाकर उसे मार डाला. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ससुराल पक्ष की तलाश की जा रही है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल थाना पुलिस और डीएसपी कुमार चंदन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. घटनास्थल की सूक्ष्म जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की.

Advertisement

डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement