स्कूल से घर लौट रहे थे भाई-बहन, रास्ते में बेकाबू ट्रक ने मारी टक्कर, 10 साल के बच्चे की मौत

बिहार के मोतिहारी में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहनों की स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में 10 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. एक पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. बेटे की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी कर घंटों जाम लगा दिया और आरोपी ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग की.

Advertisement
दो बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था बच्चा. (Photo: Screenbgrab) दो बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था बच्चा. (Photo: Screenbgrab)

सचिन पांडेय

  • मोतिहारी,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 12:02 PM IST

मोतिहारी में रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया. स्कूल से घर लौट रहे एक भाई और उसकी दो बहनों की स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में 10 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी कर दी और घंटों जाम लगाए रखा.

Advertisement

घटना चकिया थाना क्षेत्र के केसरिया रोड स्थित शीतलपुर बाजार की है. कोयला बेलवा वार्ड नंबर दो के रहने वाले लखिन्द्र प्रसाद यादव का बेटा हिमांशु अपनी दोनों बहनों के साथ स्कूल से स्कूटी से घर लौट रहा था. हिमांशु चकिया के स्कूल में पढ़ता था. तीनों अभी शीतलपुर बाजार के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी से जा टकराया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों भाई-बहन सड़क किनारे जा गिरे. हादसे में हिमांशु ट्रक की चपेट में आ गया और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. 

यह भी पढ़ें: 30 टन मक्का का कर दिया सौदा, फिर ट्रक का करवा दिया एक्सीडेंट! ड्राइवर की साजिश का पुलिस ने किया पर्दाफाश

Advertisement

घायल दोनों बहनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है. उधर, हिमांशु की मौत की खबर परिवार तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया. जिस बच्चे को कुछ देर पहले स्कूल से घर लौटना था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी शुरू कर दी और सड़क को जाम कर दिया. देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रदर्शन कर रहे लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे. लोगों का आरोप था कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा.

हंगामे की सूचना मिलने पर चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है. थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. 

हिमांशु अपनी दोनों बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था. तीनों एक साथ घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन शीतलपुर बाजार के पास एक बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी. फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »