बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के चलते बिहार विधानसभा सचिवालय ने उन्हें एक नोटिस जारी किया है.
बिहार विधानसभा के सचिव संजय कुमार सिंह ने ये नोटिस विधायक अनंत सिंह को भेजा गया है. इस नोटिस में उन्हें सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने रविवार को विधानसभा का ये नोटिस रिसीव कर लिया है.
विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर नोटिस जारी
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से की गई शिकायत के बाद शुरू हुआ. जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को एक आवेदन सौंपा था. अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि विधायक अनंत सिंह पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं.
कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने सबूत के तौर पर अखबार की कटिंग्स, एक सीडी और कई दूसरे पुख्ता दस्तावेज विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे थे.
यह भी पढ़ें: 'मेरा कोई रोल नहीं...', अनंत सिंह के सरेंडर वाले आदेश पर बोले नीरज कुमार
जेडीयू के सबूतों की जांच करने के बाद, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने इस मामले में संज्ञान लिया. अध्यक्ष के ही निर्देशों के आधार पर विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने विधायक अनंत सिंह को नोटिस जारी किया है.
शशि भूषण कुमार