वट सावित्री पूजा के दौरान अचानक बरगद के पेड़ में लगी भीषण आग, मच गई अफरा-तफरी

बिहार के पटना में वट सावित्री पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहां महिलाएं जब पूजा कर रही थीं, उसी दौरान बरगद के पेड़ में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते पूरे पेड़ को आग ने अपनी चपेट में ले लिया और पेड़ धू-धूकर जलने लगा.

Advertisement
आग लगते ही मच गई अफरा-तफरी. (Photo: Screengrab) आग लगते ही मच गई अफरा-तफरी. (Photo: Screengrab)

राजेश कुमार झा

  • पटना,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:23 PM IST

पटना के फतुहा में वट सावित्री व्रत के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया. पूजा के समय बरगद के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. उस समय बड़ी संख्या में महिलाएं वट सावित्री व्रत की पूजा कर रही थीं. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.

घटना फतुहा ब्लॉक ऑफिस परिसर की है, जहां बरगद के पेड़ के नीचे महिलाएं वट सावित्री पूजा कर रही थीं. इसी दौरान अचानक पेड़ में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं द्वारा जलाए गए घी के दीपक की लौ से पेड़ के चारों ओर लपेटे गए सूखे धागों ने आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और पूरा पेड़ धू-धू कर जलने लगा.

Advertisement

आग लगते ही वहां मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पूजा कर रही महिलाएं घबराकर इधर-उधर भागने लगीं. मौके पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई चपेट में नहीं आया.

स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की. बाद में प्रशासन को भी सूचना दी गई. लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोका जा सका.

यह भी पढ़ें: धार्मिक यात्रा पर ऋषिकेश आई मध्य प्रदेश की महिला और बेटी गंगा स्नान के दौरान लापता, तेज बहाव के बीच SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

वट सावित्री पूजा के दौरान महिलाएं बरगद के पेड़ के चारों ओर धागा बांधकर पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं. इस दौरान कई महिलाएं घी के दीपक भी जलाती हैं. दीपक की लौ से ही पेड़ पर लिपटे सूखे धागों में आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया.

Advertisement

घटना के बाद इलाके में लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी बरती जानी चाहिए. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद वहां अग्निशमन के कोई विशेष इंतजाम नहीं थे. अगर आग और तेजी से फैलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement